देश

हिमाचल पंचायत चुनाव : दूसरे चरण में 1276 पंचायतों में वोटिंग जारी, 17.30 लाख मतदाता करेंगे फैसला

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत मंगलवार को 78 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ और सभी जिलों में पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने कहीं अधिक वोट डाला। तीसरे चरण का मतदान 30 मई को होगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है।

Image

हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव 2026

Photo : ANI

Himachal Pradesh Panchayat elections : हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। दूसरे चरण में राज्य की 1276 पंचायतों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर हजारों उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद करेंगे। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत मंगलवार को 78 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ और सभी जिलों में पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने कहीं अधिक वोट डाला। तीसरे चरण का मतदान 30 मई को होगा।

10 जिलों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक

अधिकारियों ने कहा कि पहले चरण में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में लू की चेतावनी के बीच 1,293 पंचायतों के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो अपराह्न तीन बजे शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, अपराह्न तीन बजे तक 78.55 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बारह में से 10 जिलों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक थी। आंकड़ों से पता चला कि 81.76 प्रतिशत महिला मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचीं, जबकि पुरुषों का प्रतिशत 75.43 था। सबसे अधिक मतदान कुल्लू जिले में 84.43 प्रतिशत दर्ज किया गया, इसके बाद सिरमौर में 82.57 प्रतिशत, सोलन में 81.06 प्रतिशत और चंबा में 80.53 प्रतिशत मतदान हुआ। शिमला में 79.80 प्रतिशत, मंडी में 79.39 प्रतिशत, ऊना में 78.76 प्रतिशत, बिलासपुर में 77.39 प्रतिशत, कांगड़ा में 75.75 प्रतिशत, हमीरपुर में 73.05 प्रतिशत और किन्नौर में 73.59 प्रतिशत मतदान हुआ।

स्पीति जिले में सबसे कम मतदान

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, लाहौल और स्पीति जिले में सबसे कम मतदान 69.40 प्रतिशत दर्ज किया गया। सिरमौर जिले की कुनारधोमन ग्राम पंचायत में लगभग 97 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य में सबसे अधिक है। शिमला में पंचायत चुनाव के पहले चरण के दौरान तैनात चार मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया में कथित लापरवाही के आरोप में मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पीठासीन अधिकारी अनिल कुमार और मतदान अधिकारी प्रकाश चंद, राज कुमार और रमेश चंद शिमला जिले के नारायण ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर-एक के मतदान बूथ ब्रांडली-एक पर तैनात थे। उनके निलंबन के संबंध में आधिकारिक आदेश मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) और शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप द्वारा जारी किया गया।

मैदान में 9,000 से अधिक उम्मीदवार

पहले चरण में 16.5 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। ग्राम पंचायत सदस्यों, प्रधानों, उप-प्रधानों, पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों के पदों के लिए 9,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव रंग-आधारित मतपत्रों का इस्तेमाल कर कराए जा रहे हैं। वार्ड सदस्यों के लिए सफेद, उप-प्रधान के लिए पीले, प्रधान के लिए हरे, पंचायत समिति सदस्यों के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्यों के लिए नीले रंग के मतपत्र हैं। राज्य निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान और उप-प्रधान पदों के परिणाम मंगलवार को ही घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सीटों के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।

चुनावों में कुल 50.89 लाख मतदाता

तीन चरणों में कराए जा रहे इन चुनावों में कुल 50.89 लाख मतदाता 31,182 जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप-प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, 10,854 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे और तीसरे चरण का मतदान क्रमशः 28 और 30 मई को होगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article