शहर

Jammu: उमर अब्दुल्ला ने जम्मू के विस्फोट प्रभावित इलाकों का किया दौरा, घायलों के परिजनों से की मुलाकात

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को जम्मू के कुछ विस्फोटग्रस्त इलाकों का दौरा किया वहां वह घायलों के परिजनों से मिले। रिहाड़ी और रूपनगर के रिहायशी इलाकों में विस्फोट से कुछ लोग घायल हो गए थे। जिनसे मिलने के लिए मुख्यमंत्री वहां पहुंचे थे।

Image

गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में घायलों के परिजनों से मिलते अब्दुल्ला

Photo : PTI

Jammu News: शनिवार को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू में उन दो रिहायशी इलाकों का दौरा किया जहां विस्फोट में एक मकान और बाहर खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अब्दुल्ला ने रिहाड़ी और रूप नगर में विस्फोट वाली जगह का दौरा किया और प्रभावित परिवार से बातचीत की।

रिहाड़ी में चार लोग नीरज गुप्ता, उनकी बेटी हिताक्षी गुप्ता, विनीत और राजिंदर कुमार विस्फोट में घायल हो गए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "हाल ही में हुई गोलेबारी से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आज जम्मू के रिहाड़ी और रूपनगर का दौरा किया। निवासियों की पीड़ा बेहद चिंताजनक है। हम हर प्रभावित परिवार के साथ खड़े हैं और सुनिश्चित करेंगे कि बिना किसी देरी के सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।"

पाकिस्तान की ओर से सिलसिलेवार संदिग्ध ड्रोन हमले किए जाने के बीच जम्मू में शनिवार की सुबह विस्फोट जैसी आवाजें सुनी गईं और सायरन बजने लगे।

अधिकारियों ने पुष्टि की कि जम्मू में सुबह पांच बजे पाकिस्तान की तरफ से सिलसिलेवार ड्रोन हमले किए गए और तेज धमाकों की आवाज सुनी गई जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

अधिकारियों ने बताया कि शहर के रूप नगर इलाके में एक रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई और शहर के बनतालाब इलाके में एक महिला और एक लड़की समेत कम से कम तीन लोग घायल हो गए।

शुक्रवार को लगातार दूसरी रात पाकिस्तान की तरफ से जम्मू कश्मीर से लेकर गुजरात तक भारत में 26 स्थानों को निशाना बनाकर किए गए सिलसिलेवार ड्रोन हमलों के बाद यह हालिया हमला है।

इस बीच, उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान को एक अरब डॉलर का कर्ज देने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) पर निशाना साधा और कहा कि वैश्विक वित्तीय संगठन केंद्र शासित प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को तबाह करने के वास्ते गोला-बारूद के लिए इस्लामाबाद को धन मुहैया करा रहा है।

आईएमए ने शुक्रवार को मौजूदा विस्तारित निधि सुविधा (EFF) के तहत पाकिस्तान को लगभग एक अरब अमेरिकी डॉलर तत्काल जारी करने को मंजूरी दे दी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, "मुझे नहीं पता कि 'अंतरराष्ट्रीय समुदाय' यह कैसे सोच पा रहा है कि उपमहाद्वीप में मौजूदा तनाव कम हो जाएगा जबकि IMF पुंछ, राजौरी, उरी, तंगधार और कई अन्य स्थानों पर तबाही मचाने के लिए हथियारों के वास्ते धन मुहैया करा रहा है।"

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर नौ सटीक हमले किए, जिसके बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article