शहर

Chardham Yatra: आज से चारधाम यात्रा का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें किन जगहों पर होगा पंजीकरण

Chardham Yatra Registration: चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन के बाद आज से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। सुबह सात बजे से ही हरिद्वार, ऋषिकेश, हरबर्टपुर और विकासनगर में पंजीकरण काउंटर खुल गए हैं। जहां पर श्रद्धालुओं की कतारों में लगकर अपने रजिस्ट्रेशन का इंतजार कर रहे हैं।

Image

चारधाम यात्रा ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन

Chardham Yatra Registration: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन आज से शुरू हो गया है। इसके लिए ऋषिकेश, हरिद्वार, विकासनगर और हरबर्टपुर में आज सुबह 7 बजे से रजिस्ट्रशन काउंटर खुल गए हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए हरिद्वार में 20, ऋषिकेश में 30, विकासनगर में 15 और हरबर्टपुर में भी 15 पंजीकरण काउंटर बनाए गए हैं। इन जगहों पर तीर्थयात्री अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों की सुविधा दी गई है।

हरिद्वार में रजिस्ट्रेशन के लिए लगी लंबी लाइनें

उत्तराखंड के तीर्थ स्थल हरिद्वार में चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया सोमवार सुबह 7 बजे से ऋषिकुल मैदान में शुरू हो गई है। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही तीर्थयात्री लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर अपने पंजीकरण की प्रतीक्षा करते नजर आए।

Char Dharm

चारधाम यात्रा के लिए लोगों में उत्साह (फाइल फोटो)

20 काउंटर वाले रजिस्ट्रेशन सेंटर

ऋषिकुल मैदान में स्थापित चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र पर इस बार विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पंजीकरण प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए 20 काउंटर स्थापित किए गए हैं। इनमें से 18 काउंटर सामान्य पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि विशेष रूप से दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों और विदेशी पर्यटकों के लिए अलग काउंटर खोला गया है। इस व्यवस्था से सभी श्रेणियों के तीर्थयात्रियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

रजिस्ट्रेशन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती

पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऋषिकुल मैदान में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा, "20 काउंटरों वाला पंजीकरण केंद्र स्थापित किया गया है, जिसमें तीन काउंटर विशेष रूप से दिव्यांग व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों और विदेशी पर्यटकों के लिए नामित हैं। हमारा उद्देश्य सभी तीर्थयात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना है। पंजीकरण प्रक्रिया को तेज करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है।"

रजिस्ट्रेशन सेंटर पर मेडिकल सुविधाएं भी मौजूद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पंजीकरण केंद्र पर पानी, छाया और बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा, मेडिकल सुविधाएं और पुलिस बल की तैनाती भी की गई है ताकि किसी आपात स्थिति से निपटा जा सके। पंजीकरण केंद्र पर पहुंचे एक तीर्थयात्री रमेश कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं पहली बार चारधाम यात्रा पर जा रहा हूं। ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया आसान रही और अब मैं अपनी यात्रा शुरू करने के लिए तैयार हूं।"

char dham yatra registration

ऑफलाइन-ऑनलाइन दोनों मोड में रजिस्ट्रेशन की सुविधा

ऑनलाइन-ऑफलाइन हो रहे रजिस्ट्रेशन

हर साल लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड में चारधाम यात्रा करते हैं। चारधाम यात्रा में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम शामिल हैं। इस वर्ष भी यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि इस बार यात्रा को और व्यवस्थित करने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही, यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, आवास और अन्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article