शहर

खराब मौसम से बदला कई फ्लाइट्स का रूट, भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों का टूटा सब्र; किया जमकर बवाल

कोलकाता जाने वाली कई उड़ानों का मार्ग खराब मौसम के कारण बदला गया। जिस कारण यात्री कई घंटों तक भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर फंसे रहे। जिनमें से एक समूह के यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहने के दौरान खाना-पानी भी नहीं मिला।

Image

एयरपोर्ट पर यात्रियों ने किया जमकर हंगामा

Bhubaneswar News: भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवेश द्वार पर रविवार को यात्रियों के एक समूह ने जमकर प्रदर्शन किया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि खराब मौसम के कारण कोलकाता जाने वाली कई उड़ानों को भुवनेश्वर की तरफ मोड़ दिया गया। जिसके कारण उन्हें घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहना पड़ा। यात्रियों ने दावा किया कि बच्चों सहित उनमें से कई लोगों को फ्लाइट से उतरने के बाद भोजन या पानी नहीं दिया गया।

फ्लाइट डायर्ट होने के कारण छूटी परीक्षा

एक छात्रा ने बताया कि उसकी उड़ान का मार्ग बदलकर भुवनेश्वर कर दिया गया, जिसके कारण वह परीक्षा देने से चूक गई। उसने कहा, "मैं आठ घंटे से अधिक समय से हवाई अड्डे पर फंसी हुई हूं। इस वजह से मुझे अपनी परीक्षा भी छोड़नी पड़ी।" भुवनेश्वर हवाई अड्डे के निदेशक प्रसन्ना प्रधान ने कहा कि शनिवार रात 10 बजे से देर रात 1.15 बजे के बीच कोलकाता जाने वाली आठ उड़ानों को भुवनेश्वर की तरफ मोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से छह उड़ानों को अस्थायी ठहराव के बाद कोलकाता लौटने की मंजूरी दे दी गई।

यात्रियों के लिए बस और होटल की व्यवस्था

अधिकारी ने बताया कि स्पाइसजेट की दो उड़ानें अभी भी रुकी हुई हैं, क्योंकि भुवनेश्वर हवाई अड्डा स्पाइसजेट के लिए "गैर-परिचालन हवाईअड्डा" है।

प्रधान ने कहा, "पायलट की ड्यूटी संबंधी समय सीमा और विमानों की औपचारिक जांच के कारण उड़ानों को यहां रोक दिया गया। विमानन कंपनी ने यात्रियों के लिए बस और होटल की व्यवस्था की। हालांकि, उनमें से कुछ होटल नहीं गए।" उन्होंने यह भी कहा कि हवाई अड्डा प्राधिकरण ने फंसे हुए यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया और वे दो उड़ानों से कोलकाता के लिए रवाना हो गए।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article