शहर

Noida Protest पर बोले CM योगी - कुछ लोग अशांति फैलाने के लिए कर रहे षड़यंत्र

नोएडा में श्रमिकों के विरोध के बीच सीएम योगी आदित्यानाथ का कहना है कि कुछ तत्व अशांति फैला रहे हैं। उन्होंने कहा, 'सभी कार्मिकों, श्रमिकों से अपील करूंगा, डबल इंजन की सरकार हमेशा आपके साथ खड़ी है।'

Image

नोएडा में विरोध प्रदर्शन पर योगी आदित्यानाथ की श्रमिकों को सलाह

Noida Protest: आज यानी सोमवार 13 अप्रैल को नोएडा में श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि कुछ असामाजिक तत्व अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। CM Yogi Adityanath ने स्पष्ट किया कि डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा, सुशासन और सेवा का मजबूत मॉडल तैयार कर रही है, जिसे बाधित करने के लिए षड्यंत्र किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने श्रमिकों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और शांति बनाए रखें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास और श्रमिकों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा, 'डबल इंजन सरकार हमेशा श्रमिकों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।'

कोरोना काल को भी किया याद

उन्होंने कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि उस समय सभी श्रमिकों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया था, जो सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। मुजफ्फरनगर में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ आज नोएडा में हुए प्रदर्शनों पर चिंतित दिखे। इस दौरान उन्होंने जनता से सीधे प्रश्न पूछा। उन्होंने कहा, 'मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि क्या ऐसी सुरक्षा और सुखद अनुभूति पाकिस्तान, ईरान, दुबई, कतर, इराक या यूरोप में भी लोगों को मिल रही है? नहीं। उन्होंने कहा, आज पीएम मोदी के नेतृत्व में 145 करोड़ भारतीय सुरक्षित हैं। यह भारत की ताकत है।

2017 से पहले कानून व्यवस्था कमजोर थी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि कई देशों में महंगाई और संकट की स्थिति है, जबकि भारत में मूल्य नियंत्रण और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर थी, जिससे व्यापारी और बेटियां असुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन 2017 के बाद स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। अब पुलिस भर्ती और प्रशिक्षण में युवाओं की भागीदारी कई गुना बढ़ी है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं।

उद्यमी और श्रमिक मिलकर समाधान निकालें

सीएम ने औद्योगिक क्षेत्रों में हो रहे प्रदर्शन के बीच संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि उद्यमी और श्रमिक मिलकर समाधान निकालें। साथ ही सफाई और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम सैलरी की गारंटी सीधे बैंक खातों में देने की व्यवस्था को पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम बताया।

सीएम योगी ने कहा कि विकास और सुरक्षा के इस मॉडल को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और प्रदेश में शांति एवं निवेश का माहौल बनाए रखा जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article