Noida Thar Incident: नोएडा में पुलिस ने बिना पंजीकरण संख्या वाली जीप (Thar) में डीजल डलवाने के बाद पैसे दिए बिना वाहन लेकर भागने और पेट्रोल पंप के कर्मी की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बादलपुर थाना क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंप से बिना पंजीकरण संख्या वाली Thar में डीजल डलवाकर पैसे दिए बिना वहां से भाग गया और जब पेट्रोल पंप के 'सेल्समैन' ने उसका पीछा किया तो उसने उसकी मोटरसाकिल को टक्कर मार दी।
नोएडा: चला रहा था THAR, लेकिन नहीं दे सका डीजल भराने के पैसे तो पेट्रोल पंप कर्मी को ही उड़ा दिया...गिरफ्त में आया हर्ष
सेल्समैन की बाइक टक्कर मार दूर तक घसीटा
उसने बताया कि इस घटना में पेट्रोल पंप का कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच, प्रत्यक्षदशियों ने कहा कि THAR के चालक ने मोटसाइकिल सवार व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद उसे काफी दूर तक घसीटा।
अपर पुलिस उपायुक्त आर के गौतम ने बताया कि जीप चालक ने थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंप पर बिना पंजीकरण संख्या वाले वाहन में डीजल डलवाया और वह बिना पैसे दिए वहां से भाग गया।
उन्होंने बताया कि यह देखकर पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मी कुलदीप शर्मा ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया। उन्होंने बताया कि शर्मा ने दादरी बाईपास पर कोट चौकी के पास जीप चालक को रोकने का प्रयास किया तो उसने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दिया जिससे शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार में सवार था हर्ष
उन्होंने बताया कि पुलिस में त्वरित कार्रवाई करते हुए जीप के चालक हर्ष मवई (22) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कुलदीप शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थार गाड़ी जब्त, कानूनी कार्रवाई चल रही
पुलिस ने बताया कि 27 फरवरी को, थाना बादलपुर इलाके में एक थार ड्राइवर ने पेट्रोल का पेमेंट किए बिना भागने की कोशिश की। पेट्रोल पंप सेल्समैन ने गाड़ी का पीछा किया, जिसके बाद थार ड्राइवर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मोटरसाइकिल गिर गई और वह घायल हो गया। सेल्समैन कुलदीप शर्मा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अभी उसकी हालत स्थिर है। कार ड्राइवर हर्ष, जो मनोज का बेटा है, इसको पुलिस कस्टडी में ले लिया गया है और उसकी थार गाड़ी जब्त कर ली गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।
