Noida High Rise Fire: दिल्ली-एनसीआर की हाईराइज सोसायटियों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नोएडा के थाना सेक्टर 113 क्षेत्र से सामने आया है। यहां सेक्टर 74 स्थित IVY काउंटी (IVY County) सोसाइटी में एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। आग इतनी जोरदार लगी है कि उसकी लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर से साफ देखा जा सकता था। घटना के बाद पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
नोएडा की IVY काउंटी सोसाइटी में भीषण आग, 12वें फ्लोर पर धू-धू कर जला फ्लैट; मची अफरा-तफरी
12वें फ्लोर पर लगी आग, फायर टेंडर्स मौके पर
मिली जानकारी के मुताबिक, आग सोसाइटी के एक टावर के 12वें फ्लोर (12th Floor) पर स्थित फ्लैट में लगी। जैसे ही फ्लैट से आग की लपटें बाहर निकलने लगीं, निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम गाड़ियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गई। आप नीचे वीडियो में देखेंगे कि कैसे फायर विभाग आग को काबू पाने के लिए प्रयासरत है, लेकिन वह ऊपर तक पानी नहीं पहुंचा पा रहा है। वीडियो में साफ दिखेगा कि कैसे पाइप के द्वारा थोड़ी ऊपर तक ही पानी पहुंच पा रहा है, लेकिन शुरुआती कोशिश में 12वें प्लोर तक मदद नहीं पहुंच पा रही है, मगर बताया गया कि 15वें प्लोर तक राहत पहुंचाने के लिए फायर विभाग के पास अन्य सामान होता है, जिनका इस्तेमाल किया गया है। और अब आग पर काबू पा लिया गया है।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं
फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मुस्तैदी से आग पर काबू पाने और उसे आसपास के अन्य फ्लैट्स में फैलने से रोकने के काम में जुटे हुए हैं। राहत की बात यह है कि फायर सिस्टम और स्थानीय सुरक्षा कर्मियों की मदद से बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। हालांकि, फ्लैट में आग किस वजह से लगी, शॉर्ट सर्किट के कारण या किसी और वजह से, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम स्थिति पर काबू पाने के बाद जांच करेगी कि हादसे की असली वजह क्या थी और फ्लैट के भीतर कोई फंसा तो नहीं है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
