Noida News: दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में पिछले तीन-चार दिन से एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते आंधी और बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में अच्छी खासी गिरावट आई है। हालांकि, यह राहत अब खत्म होने वाली है, क्योंकि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस इस क्षेत्र से आज रात तक बाहर चले जाएगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई। लेकिन गौतमबुद्ध नगर जिले में प्रचंड गर्मी के बीच बिजली कटौती से परेशान होने वाले लोगों को पश्चिमी विक्षोभ और पारा गिरने के बावजूद राहत नहीं मिली।
पारा गिरा फिर भी 4 घंटे की बिजली कटौती
ये तो गनीमत रही कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते पारा गिर गया और प्रचंड गर्मी का दौर थम गया। वरना कल यानी रविवार 31 मई को गौतमबुद्ध नगर जिले के 15 से ज्यादा सेक्टरों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। कुछ सेक्टरों में तो 4-4 घंटे तक बिजली कटौती हुई। वह भी ऐसे समय में जब तापमान गिरने के कारण बिजली की पीक डिमांड में भारी गिरावट आई है।
शिकायत के बाद भी नहीं मिला समाधान
रविवार यानी छुट्टी का दिन, IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मैच और बिजली कटौती। ऐसे में लोगों ने कई-कई बार कंट्रोल रूम में बिजली कटने की शिकायत की। नोएडा के स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्थानीय कंट्रोल रूम के नंबर पर शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और बिजली कटौती लंबी चली।
क्यों गुल हुई नोएडा की बत्ती गुल?
ज्ञात हो कि शनिवार रात और रविवार सुबह NCR के इस क्षेत्र में हल्की बारिश हुई थी। कुछ स्थानों पर आंधी भी चली, जिसके चलते बिजली की लाइन और ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आ गया। बताया जा रहा है कि इसी फॉल्ट के चलते नोएडा, ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में रविवार को घंटों बत्ती गुल रही। दिन में भी बारिश के चलते कई बिजली उपकेंद्रों में नमी के कारण तकनीकी खामियां आने लगीं। इसके कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
डिमांड कम होने पर कटौती भी बढ़ गई
आमतौर पर बिजली की डिमांड बढ़ने पर कटौती बढ़ती है। लेकिन नोएडा में नियम अलग ही हैं। दैनिक हिन्दुस्तान ने सेक्टर-49 बरौला गांव के एक निवासी की शिकायत छापी है, जिसमें स्थानीय निवासी अनिल चौधरी का कहना है कि पिछले चार दिनों से बिजली कटौती बढ़ गई है। लोकल फॉल्ट के कारण गांव में तीन से चार घंटे के लिए पावर सप्लाई बाधित रही। जबकि इस दौरान बारिश के कारण प्रचंड गर्मी का दौर खत्म हो चुका था, वरना भीषण गर्मी में बिना लाइट के जीना मुश्किल हो जाता है।
कई सेक्टरों में लोगों का आरोप है कि बिजली कटौती के साथ ही वोल्टेज की समस्या भी रही। सेक्टर 71 के साईं अपार्टमेंट के निवासियों का कहना है कि बारिश आते ही पूरी सोसाइटी की आपूर्ति बंद हो जाती है। उनका कहना है कि पिछले दो दिन से ऐसा ही चल रहा है। सेक्टर 63 छिजारसी गांव के एक निवासी ने दैनिक हिन्दुस्तान को बताया कि बिजली की आपूर्ति बन होने के कारण जल आपूर्ति भी बाधित हो गई।
किन सेक्टरों में बिजली आपूर्ति बाधित रही
शनिवार और रविवार को नोएडा के सेक्टर 18, 22, 29 और सेक्टर 63 में लोकल फॉल्ट के चलते आपूर्ति बाधित रही। जबकि सेक्टर 15, 17, 18, 19, 27, 20, 22, 25, 33, 34, 36, 37, 46, 47, 48, 82 और 104 सहित कई सेक्टरों में दो से तीन घंटे तक बिजली कटौती से लोग परेशान रहे।
