शहर

Noida News: हिंडन नदी पर बना 200 मीटर का पुल, 1 घंटे का सफर 12 मिनट में होगा पूरा

नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर 200 मीटर का पुल तैयार हो चुका है। नोएडा की ओर अप्रोच रोड का काम भी 15 दिन में पूरा हो जाएगा। हालांकि, ग्रेटर नोएडा की तरफ अभी काफी काम बचा है।

Image

नोएडा-ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाला पुल तैयार

Noida News: दिल्ली-एनसीआर में एक के बाद एक बन रही सड़क परियोजनाएं लोगों का जीवन आसान बना रही हैं। खासतौर पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में कई ऐसी योजनाओं पर काम चल रहा है, जिनके पूरा होने पर घंटों की दूरी मिनटों में तय हो जाएगी। ऐसी ही एक महत्वपूर्ण और महत्वकांक्षी परियोजना में बड़ा अपडेट सामने आया है। चलिए जानते हैं -

नोएडा में सेक्टर 146 से ग्रेटर नोएडा के LG गोलचक्कर को जोड़ने वाली परियोजना के तहत हिंडन नदी (Hindon River) पर 6 लेन का पुल बनकर पूरी तरह से तैयार हो चुका है। अब नोएडा प्राधिकरण 15 जून तक पुल से जुड़ने वाली एप्रोच रोड का काम भी पूरा करने की तैयारी में है। इस परियोजना के पूरा हो जाने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन काफी आसान हो जाएगा। फिलहाल यहां लोगों को जिस दूरी को तय करने में एक घंटे का समय लगता है, इस मार्ग के शुरू होने के बाद उस दूरी को महज 12 मिनट में तय किया जा सकेगा।

कब शुरू हुआ था पुल का निर्माण

बता दें कि नोएडा सेक्टर-146 के सामने हिंडन नदी पर करीब 200 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण साल 2019 में शुरू हुआ था। अब करीब 7 साल बाद इसका काम पूरा हुआ है। हालांकि, बीच में कई वजहों से इसका काम रुका रहा। लगभग डेढ़ साल पहले इसका निर्माण कार्य फिर से शुरू हुआ था। 6 लेन के इस पुल का निर्माण यूपी सेतु निगम ने किया है। अब इस पुल के साथ रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी सेतु निगम ही कर रहा है।

810 मीटर लंबी अप्रोच रोड का काम जोरों पर

नोएडा सेक्टर-145 में हिंडन पुल तक 45 मीटर चौड़ी और 810 मीटर लंबी एप्रोच रोड का काम इन दिनों जोरों पर है। इसका निर्माण कार्य 10 फरवरी 2024 को नोएडा प्राधिकरण ने शुरू किया था। अधिकारियों के अनुसार इस सड़क का निर्माण कार्य 90 फीसद तक पूरा हो चुका है और बाकी बचा काम भी अगले 15 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण इस कार्य पर लगभग 32 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।

जमीन अधिग्रहण के कारण लटका प्रोजेक्ट

हिंडन नदी पर पुल और नोएडा की ओर इस प्रोजेक्ट का काम लगभग पूरा हो चुका है। लेकिन ग्रेटर नोएडा की तरफ जमीन अधिग्रहण अब भी समस्या बना हुआ है। यानी अगर 15 दिन में नोएडा प्राधिकरण अपना काम पूरा कर भी लेता है, तो इस पुल का इस्तेमाल नहीं हो पाएगा। नॉलेज पार्क-3 से हिंडन पुल तक करीब 1 किमी लंबी सड़क बनाई जानी है, लेकिन इस पर अभी 75 फीसद ही काम पूरा हुआ है। अधिकारयों का कहना है कि हिंडन पुल और पुस्ता के बीच कुछ खसरा नंबर की भूमि का अधिग्रहण नहीं हो पाया है, जिसके चलते निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। हालांकि, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इसी साल दिसंबर तक इस हिस्से का काम पूरा कर लेने का टार्गेट लेकर चल रहा है।

यहां बनाया जा रहा अंडरपास

रोड को नोएडा सेक्टर -146 में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए एक अंडरपास बनाया जा रहा है। अंडरपास का इस्तेमाल करके गाड़ियां सीधे इस नए लिंक रोड पर जा पाएंगी। परियोजना का काम पूरा होने के बाद गौतमबुद्ध नगर जिले के दोनों शहरों के बीच यातायात का दबाव कम होगा और लोगों का सड़क पर बर्बाद होने वाला काफी समय बचेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article