शहर

Noida News: Heatwave के बीच बिजली की मांग का रिकॉर्ड टूटा, गर्मी में कटौती से लोग परेशान

नौतपा की भीषण गर्मी के बीच नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बिजली की मांग भी रिकॉर्ड तोड़ रही है। सोमवार को पीक डिमांड 2880 मेगावाट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। भारी लोड और तकनीकी फॉल्ट के चलते कई सेक्टरों में रातभर बिजली की आंख-मिचौली चलती रही।

Image

नोएडा में पावर कट से परेशान लोग

Noida News: इन दिनों समूचा उत्तर प्रदेश प्रचंड गर्मी से परेशान है। गर्मी से राहत पाने के लिए पंखा, एसी, कूलर का सहारा लिया जाता है। लेकिन बिजली की आंख मिचौली के चलते लोग और ज्यादा परेशान हो रहे हैं। दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले में भी लोग बिजली कटौती के कारण काफी परेशान हैं। Heatwave के बीच बिजली की मांग लगातार सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है, जिसके कारण जिले के कई इलाकों में बार-बार बिजली कटौती हो रही है।

सोमवार को नौतपा का पहला दिन था और भीषण गर्मी से लोग दिनभर परेशान रहे। इस दिन गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र में बिजली की मांग भी नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई। सोमवार को बिजली की पीक डिमांड 2880 मेगावाट पहुंच गई। सोमवार से पहले जिले में बिजली की अधिकतम मांग 2650 मेगावाट थी। बिजली की डिमांड बढ़ने के चलते क्षेत्र में लोगों को बिजली कटौती भी झेलनी पड़ी, जिससे उनकी दिक्कतें भी बढ़ गईं।

नोएडा के सेक्टर 22 में सोमवार 25 मई को रात भर बिजली नहीं आई। नोएडा के सेक्टर 100 में हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट होने के चलते लोगों को लगभग तीन घंटे की कटौती झेलनी पड़ी। गाजियाबाद से भी क्षेत्र में बिजली की कटौती हुई। नोएडा के सेक्टर 15 में रात को बिजली गई तो फिर मंगलवार सुबह ही फिर चालू हुई। दैनिक हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार यहां के वाजिदपुर गांव में बिजली न होने से लोग परेशान हुए। सोमवार रात नोएडा के सेक्टर 12, 15, 19 और 20 में भी बिजली की भारी कटौती से लोगों को बड़ी परेशानी हुई।

Noida power demand

नोएडा में बिजली की मांग और पूर्ति

विद्युत निगम की टीम ने नोएडा सेक्टर 91 की ग्रीन बेल्ट में टूटी 33 केवी लाइन की तार को ठीक किया, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य नहीं हो सकी। अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इंजीनियर और कर्मचारी रातभर काम कर रहे हैं।

क्षेत्र में बिजली सप्लाई करने वाली कंपनी NPCL के बताया कि ग्रेनो वेस्ट की राधा स्काई गार्डन, महागुन माइवुड्स, गैलेक्सी ड्रीम, पंचशील हाईनिश, सेंचुरियन पार्क, निराला ग्रीनशायर, सुपरटेक इकोविलेज-1, आम्रपाली लीजर पार्क, ट्राइडेंट, वेदांतम, जेएम फ्लोरेंस आदि कई सोसाइटियों में बिजली आपूर्ति का आंतरिक ढांचा कमजोर पाया गया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें