शहर

Heat Score: Heatmap में दिख रहा भीषण गर्मी का प्रकोप, कई राज्यों में सामान्य से बहुत अधिक तापमान

भारत के कई राज्यों में इस समय प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। मंगलवार के टेम्प्रेचर मैप में उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत में सामान्य से ज्यादा तापमान दर्ज हुआ, जबकि राहत के संकेत सीमित क्षेत्रों में ही दिखे हैं।

Image

हीटमैप ने दिखाया देश में कितनी भीषण गर्मी पड़ रही

Heat Score: नौतपा के प्रभाव में देश के ज्यादातर हिस्से बुरी तरह से तप रहे हैं। कल यानी मंगलवार 26 मई के हीटमैप (Heatmap) पर नजर डालें तो देश के ज्यादातर हिस्से लाल दिख रहे हैं, जो भीषण गर्मी को दर्शा रहे हैं। मंगलवार 26 मई के तापमान और तापमान विचलन (एनॉमली) मैप्स से पता चलता है कि उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में अधिकतम और औसत तापमान सामान्य से बहुत ऊपर दर्ज किया गया। मैप से साफ पता चल रहा है कि यहां Heatwave की स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

यहां पारा 47 डिग्री पार

जारी मैप्स के मुताबिक राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रेगिस्तानी राज्य राजस्थान और आसपास के इलाकों में मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्मी देखने को मिली, जहां कई क्षेत्रों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। श्रीगंगानगर में तो पारा 47 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।

सामान्य तापमान 2-6 डिग्री ऊपर

अधिकतम तापमान एनॉमली मैप संकेत देता है कि देश के कई हिस्सों में मंगलवार को तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहा। विशेष रूप से उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत में गर्मी का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिला। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह स्थिति पहले से ही प्रचंड हीटवेव की तीव्रता को और बढ़ाने वाली मानी जाती है।

वॉर्म नाइट बना स्वास्थ्य के लिए चिंता

रात के तापमान में भी फिलहाल राहत नहीं मिल रही है। मिनिमम टेम्प्रेचर के मैप बताते हैं कि उत्तर और मध्य भारत के कई शहरों में रात का तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। इससे लोगों को दिन के साथ ही रात में भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गर्म रातें स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय मानी जाती हैं, क्योंकि शरीर को पर्याप्त ठंडक नहीं मिल पाती।

Heatmap 26th May

दिन का मैप लाल, रात को भी गर्मी से नहीं मिल रही राहत

यहां सामान्य या उससे कम तापमान

औसत तापमान के हीटमैप में भी मध्य और उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में लाल और गहरे गुलाबी रंग दिखाई दे रहे हैं, जो सामान्य से अधिक गर्म गर्मी के संकेत हैं। वहीं पूर्वोत्तर भारत, हिमालयी क्षेत्रों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तापमान अपेक्षाकृत सामान्य या उससे कम दर्ज किया गया।

दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने तक उत्तर और मध्य भारत के कई क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पीने और हीट स्ट्रोक से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

सभी की नजरें मौसम की गतिविधियों पर

तापमान हीटमैप यह स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि देश फिलहाल इस सीजन की सबसे ज्यादा गर्मी के दौर से गुजर रहा है और आने वाले दिनों में मौसम की गतिविधियों पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी। अब हर किसी को मानसूनी गतिविधियां शुरू होने का इंतजार है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article