Noida News: नोएडा के सेक्टर-39 में स्थित GIP मॉल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 36 वर्षीय महिला ने मॉल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दिल्ली की रहने वाली आकांक्षा सूद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला ने मानसिक तनाव की वजह से ऐसा कदम उठाया।
पति से चल रहा था तलाक का मामला
पुलिस के अनुसार, आकांक्षा लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं और उनका पति से तलाक का मामला चल रहा था। बीती रात करीब 9:30 बजे उन्होंने मॉल की फायर एग्जिट सीढ़ियों से कूदकर अपनी जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी के कुछ समय बाद से हो रहा था विवाद
मृतका के परिजनों ने बताया कि आकांक्षा की शादी के कुछ ही समय बाद से उनके पति से विवाद शुरू हो गया था और तभी से वह मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। पारिवारिक विवादों और तलाक के तनाव ने उन्हें यह कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
मृतका के परिजनों के बयान केस दर्ज
नोएडा पुलिस ने इस मामले में मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की गहनता से जांच कर रही है। डीसीपी राम बदन सिंह ने बताया कि महिला के पास मिले दस्तावेजों से उनकी पहचान हुई है और उनके परिजनों ने भी तलाक के मामले और मानसिक तनाव के बारे में बताया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 2017 में मृतका की शादी हुई थी, तब से ही तलाक का मामला चल रहा है।
