Patna Crime: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव बढ़ता जा रहा है। यहां आए दिन, हत्या, चेन स्नेचिंग, लूट और गोलीबारी के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में पटना से एक और मामला सामने आया है। यहां पुलिस से बेखौफ अपराधियों द्वारा फायरिंग की गई है। पटना के पीरबहोर थाना के कुछ दूर पीएमसीएच के ठीक सामने भोजपुर फार्मा पर कुछ अपराधियों द्वारा सुबह 5 बजे एक दुकान पर फायरिंग की गई है। गनीमत ये रही है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुई है। यह घटना दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को एक व्यक्ति ने बताया कि पहले एक कार आई और उसके बाद बाइक पर सवार होकर आए अपराधी फायरिंग करते हुए चले गए। पीरबहोर थाना प्रभारी अब्दुल हलीम ने बताया कि किसी को गोली नहीं लगी है। घटनास्थल से दो खोखे मिले हैं। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही अपराधियों द्वारा दुकानदार से रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर उसे अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। पुलिस मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
