Delhi-Mumbai Expressway: केंद्र सरकार लगातार रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दे रही है। इस समय दिल्ली-एनसीआर की दूसरे प्रमुख शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कई एक्सप्रेस-वे और कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। ऐसा ही एक प्रमुख दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का कुछ हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है। वाहन चालक 12 फरवरी से इस एक्सप्रसेवे पर गुरुग्राम के सोहना से राजस्थान के जयपुर तक फर्राटा भर सकते हैं। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद नोएडा से जयपुर जाने वाले वाहन चालकों का सफर भी बेहद आसान हो जाएगा। अभी नोएडा से जयपुर पहुंचने में पांच से छह घंटे का समय लगता है, लेकिन इस एक्सप्रेसवे की मदद से वाहन चालक मात्र तीन घंटे में जयपुर पहुंच सकेंगे।
सोहना के पास बना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रसेव
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे है। यह 1,380 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे गुरुग्राम के दौसा से शुरू होकर कई शहरों को कनेक्ट करते हुए मुंबई तक जाता है। अभी सोहना से दौसा तक 220 किमी लंबा पहला खंड शुरू होने जा रहा है। पीएम मोदी दौसा से इस आठ लेन के एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। जिसके बाद वाहन चालक 120 किमी की रफ्तार से इस एक्सप्रेसवे पर रफ्तार भरेंगे।
