Noida Cyber Crime: नोएडा में डिजिटल अरेस्ट के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। ताजा मामला नोएडा के सेक्टर 31 का है, जहां एक रिटायर्ड मेजर जनरल को साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट कर दो करोड़ रुपए ठगी कर ली। पीड़ित ने थाना साइबर क्राइम सेक्टर 36 में मुकदमा दर्ज कराया है। साइबर क्राइम पुलिस ने मामले के जांच के लिए टीम गठित कर दी है।
फाइल फोटो।
ठग ने रिटायर्ड मेजर को बनाया शिकार
जानकारी के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर 31 में रहने वाले रिटायर्ड मेजर जनरल एनके धीर को बीते 10 अगस्त को एक कॉल आया था, जिसमें साइबर ठगों ने खुद को डीएचएल कूरियर से होने का दावा किया। साइबर ठगों ने पीड़ित को बताया की एक पार्सल ताइवान के लिए जा रहा है। पार्सल को मुंबई कस्टम द्वारा खोला गया था, जिसमें ड्रग्स और प्रतिबंधित दवाएं मिलने का दावा किया गया। उसके बाद साइबर ठगों ने मुंबई क्राइम ब्रांच के नाम पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक व्यक्ति से जोड़ दिया, जिसने पीड़ित से जांच की तरह व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जोड़े रखा।
एक दिन बाद तथाकथित डीसीपी राजपूत ने पीड़ित को कॉल किया और पीड़ित से पूछताछ करने लगा। पीड़ित से साइबर ठगों ने वित्तीय स्थिति के बारे में पूछताछ की और फिर पूरे मामले के निपटारे के लिए पीड़ित के बैंक में म्यूचुअल फंड और एफडी की जानकारी ली। साइबर जिस तरह से पूछताछ कर रहे थे, पीड़ित को सब कुछ आधिकारिक लग रहा था, पीड़ित को ऐसा लग रहा था कि वे सही में जांच कर रहे हैं।
दो करोड़ रुपये की ठगी
इसके बाद 14 अगस्त को साइबर ठगों ने को पीड़ित के एकाउंट से पूरा फंड दो करोड़ रुपए दूसरे बैंक खाते ट्रांसफर करवा लिया गया, साइबर ठगों ने दिलासा दिया कि यह जांच का हिस्सा है और आधे घंटे में पैसे वापस उनके अकाउंट में आ जायेगा। हालांकि, जब ज्यादा समय हो गया था, तब पीड़ित को एहसास हुआ की उसके साथ ठगी हो गई है, जिसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज करवाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसीपी साइबर क्राइम विवेक रंजन राय ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित को व्हाट्सएप के माध्यम से कॉल आया था, जिसमें उनके नाम से ताइवान पार्सल में ड्रग्स भेजने की बात कही गई और उनसे मुंबई क्राइम ब्रांच में शिकायत की बात कही। पीड़ित के साथ जांच के नाम पर 2 करोड़ रुपए ट्रांसफर करवा कर ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज के किया गया है। फिलहाल जांच की जा रही है और कुछ बैंक डिटेल मिले हैं।
