ग्रेटर नोएडा के जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरोपोर्ट (Noida International Airport) का काम तेजी से जारी है। इसके साथ ही इस एयरपोर्ट को आसपास के सभी एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मुहिम भी चल रही है। अब जेवर एयरपोर्ट से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक सीधा कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाए जाने का रास्ता भी साफ हो गया है। NHAI ने प्राधिकरण को यमुना पुश्ता रोड (New Expressway) बनाने की मंजूरी दे दी है, जो NH-9 यानी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक बनेगा।
NHAI ने एक कंसल्टेंट कंपनी को नोएडा अथॉरिटी के साथ यमुना पुश्ता रोड की इस परियोजना पर काम करने के लिए अटैच भी कर दिया है। इस तरह से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर एक नया एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है।
यमुना पुश्ता रोड के बन जाने से हर रोज नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले 10 लाख से ज्यादा लोगों को जाम के झंझट से मुक्ति मिलेगी। इधर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम भी तेजी से चल रहा है और इसके उद्घाटन का समय नजदीक आ रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस साल के अंत तक जेवर एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा। एक बार एयरपोर्ट के शुरू हो जाने पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात डबल होने की उम्मीद है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी और मौजूदा एक्सप्रेसवे से दबाव कम करने के लिए बार-बार संभावना तलाशी जा रही थी। इसके लिए हर बार यमुना पुश्ता रोड को एक्सप्रेसवे के समानांतर एक्सप्रेसवे बनाने पर जोर दिया जा रहा था। इसका फायदा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे को भी होता, क्योंकि इस रोड के बनने से एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव कम हो जाता।

चिल्ला एलिवेटेड रोड से जुड़ेगा एक्सप्रेसवे
नोएडा अथॉरिटीके पास नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर एक नया एक्सप्रेसवे बनाने का फंड नहीं है। यही कारण है कि बार-बार NHAI से इसको बनाने की मांग की जा रही थी, ताकि नई कनेक्टिविटी को समय पर तैयार किया जा सके। लेकिन नेशनल हाईवे के लिंक रोड से दूरी की वजह से NHAI इसमें हाथ नहीं डाल रहा ता।
आखिर प्राधिकरण ने इसका हर निकाल ही दिया है। प्रस्तावित यमुना पुश्ता रोड को अब चिल्ला एलिवेटेड रोड के जरिए मयूर विहार और फिर अक्षरधाम के पास एनएच-9 से जोड़ दिया गया है। यही कारण है कि अब NHAI ने भी इसके निर्माण को मंजूरी दे दी है।
