नोएडा

नोएडा के युवकों ने ऋषिकेश में वन कर्मियों को रॉड से पीटा, चेकिंग के दौरान कार रोकने पर किया हमला

ऋषिकेश में राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की गोहरी रेंज में तैनात वन दरोगा देव सिंह बिष्ट आग लगने की सूचना पर निरीक्षण के लिए अपने सहयोगी वन कर्मियों के साथ निकले थे। जंगलात बैरियर पर चेकिंग के दौरान कार रोकने पर चार युवकों ने उनके साथ बदसलूकी की। आरोप है कि इन युवकों ने 5 वनकर्मियों पर लोहे की रॉड से हमला किया। पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इनमें से तीन युवक नोएडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

Image

फाइल फोटो

ऋषिकेश में जंगलात बैरियर पर नोएडा के कुछ युवकों ने वनकर्मियों के साथ मारपीट की। चार युवकों ने वन दरोगा समेत पांच वनकर्मियों को लोहे की रॉड से पीटा। जिसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चारों आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।

चेकिंग में कार रोकने पर युवकों ने की बदसलूकी

लक्ष्मणझूला पुलिस ने बताया कि राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की गोहरी रेंज में तैनात वन दरोगा देव सिंह बिष्ट ने इस मामले में तहरीर दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल की रात को आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। जिसका निरीक्षण करने के लिए वे अपने सहयोगी वनकर्मियों के साथ निकले थे। करीब 9 बजे बैराज के पास बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक कार को रोका गया। कार में चार युवक सवार थे। आरोप है इन युवकों ने ड्यूटी पर तैनात वन कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जब उन्हें रोका गया तो वे गाली-गलौच करने लगे और मारपीट शुरू कर दी।

कार से रॉड निकालकर किया हमला

वन दरोगा ने तहरीर में बताया कि आरोपियों ने अपनी कार से लोहे की रॉड निकाली और वनकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान वन दरोगा के हाथ में गंभीर चोट लगने से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों की पहचान हो गई है। ये तीन युवक नोएडा के रहने वाले हैं, जिनके नाम युवक राहुल, नरेंद्र और ओमेंद्र हैं। वहीं एक आरोपी अज्ञात है। पुलिस चारों युवकों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश में जुट गई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article