Double Decker Bus In Noida: नोएडा की सड़कों पर भी जल्द ही डबल डेकर बसें दौड़ती नजर आएंगी। ये खास तौर पर उन लोगों के लिए खुशखबरी है, जो रोजाना नौकरी-पढ़ाई के लिए किए जाने वाले रोजाना के सफर में बसों का इस्तेमाल करते हैं। उत्तर प्रदेश परिवहन जल्द ही, और मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इसी महीने नोएडा को यह सौगात देने वाला है। इसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।
सांकेतिक तस्वीर (AI Creation)
ये रहेगा रूट
डबल डेकर बसों से एक साथ ज्यादा लोग सफर कर पाएंगे, जो नोएडा जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके के लिए शानदार सफर का ऑप्शन ले आएगा। जहां तक बात है इसके रूट की, तो जल्द ही ये बसें आपको मोरना बस डिपो से परी चौक तक चलती हुई देख सकेंगे। जरूरत पड़ने पर इसके रूट को बढ़ाकर जेवर तक भी किया जा सकता है।
बढ़ाई जाएंगी बसों की संख्या
उत्तर प्रदेश परिवहन राज्य भर में पहले चरण में 20 बसों का संचालन करने वाला है। इनमें से दो बसें नोएडा में चलेंगी। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। अगर दो बसों के साथ परिवहन विभाग का यह प्रयोग सफल रहा तो बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। फिलहाल इस रूट पर CNG बसें चलाई जाती हैं। मोरना से जेवर तक के रूट पर काफी संख्या में यात्री है, डबल डेकर बसों से इनकी यात्रा सुगम हो जाएगी।
कब से शुरू होगी सेवा
ये डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों को चलाने को लेकर डिपो प्रबंधन की ओर से सारी तैयारियां कर ली गई हैं। बसें आने के बाद उनके स्टॉपेज के साथ किराया और टाइमिंग भी तय की जाएगी। मोरना डिपो में चार्जिंग स्टेशन भी बन चुका है। इन बसों के अलावा भी इस रूट से होकर जाने वाली दूसरी इलेक्ट्रिक बसों को भी यहां चार्ज किया जा सकेगा। रही बात डबल डेकर बसों के शुरूआत की, तो 15 मई के बाद नोएडा में 2 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। यह ट्रायल सफल रहा तो बसों की संख्या बढ़ाई जाएंगी। इन बसों में एक ही बार में सामान्य से करीब दोगुने यात्री सफर कर सकेंगे, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
