नोएडा

नौकर बन घर में घुसा और चौथे ही दिन साफ कर दिया पूरा घर, अब नोएडा पुलिस ने पकड़ा

नोएडा पुलिस ने बिल्डर के घर बंधक बनाकर लूट की घटना का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। लूट की रकम का एक हिस्सा भी बरामद कर लिया है।

Image

नोएडा पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

नोएडा पुलिस ने एक बड़ी लूट की घटना का खुलासा किया है, जिसमें एक बिल्डर के घर में घुसकर उनकी पत्नी को बंधक बनाकर करीब 53 लाख रुपये की नकदी और ज्वेलरी लूटी गई थी। इस मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 10 लाख 70 हजार रुपये की चोरी की गई राशि बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि यह गैंग पहले भी मुंबई, दिल्ली में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

22 फरवरी को हुई थी लूट

दरअसल, घटना 22 फरवरी 2025 को नोएडा के सेक्टर-61 में हुई। बिल्डर राकेश यादव की पत्नी सुमन यादव को उनके नौकर राहुल और उसके साथियों ने बंधक बनाकर लूटपाट की। नौकर राहुल को महज 4 दिन पहले ही घर में नौकर के रूप में रखा गया था। राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुमन को बांध दिया और घर में रखी नकदी, ज्वेलरी और जरूरी दस्तावेज चुरा लिए। इसके बाद उन्होंने घर में खड़ी फॉर्च्यूनर कार भी ले ली, लेकिन बाद में कार को सेक्टर-61 के साई मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक गाड़ी का इस्तेमाल केवल सेक्टर से बाहर निकलने के लिए गया ताकि गेट पर खड़े गार्ड को शक न हो।

25 फरवरी को 2 आरोपी हुए थे गिरफ्तार

मामले की शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी वही 25 फरवरी को दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 4 लाख 70 हजार रुपये बरामद किए गए। इसके बाद 01 मार्च को नोएडा पुलिस ने सेक्टर-62 से तीन अन्य आरोपियों राहुल (देवेंद्र), गुड्डू और अमित को गिरफ्तार किया। इसी दिन, मुख्य आरोपी रमन कामत को बिहार के मधुबनी से गिरफ्तार किया गया। अब तक कुल 6 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है और 10 लाख 70 हजार रुपये बरामद किए जा चुके हैं।

पुलिस ने क्या कहा

डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह ने बताया कि यह गैंग पहले से ही इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने के लिए जाना जाता है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इस घटना की योजना 5 महीने पहले बिहार के मधुबनी में बनाई थी। उन्होंने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर नौकर के रूप में घरों में नौकरी के लिए कई लोगों से बात की। पीड़ित की बेटी के जान पहचान के व्यक्ति के जरिए राहुल उर्फ देवेंद्र ने नकली आधार कार्ड दिखाकर नौकरी ले और फिर साथियों के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। इस गैंग ने पहले भी मुंबई में 75 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया था।

6 आरोपी गिरफ्तार

डीसीपी रामबदन सिंह ने कहा, यह गैंग घरों में नौकर बनकर घुसता है और फिर बंधक बनाकर लूटपाट करता है। अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लूटी गई राशि में से लगभग 10 लाख रुपए बरामद किया है। हम लोगों से अपील करते हैं कि किसी भी नौकर या किराएदार को रखने से पहले उसका पूरी तरह वेरिफिकेशन करें। आधार कार्ड के साथ-साथ उसके रिश्तेदारों और गांव का नंबर भी लें और उसे वेरिफाई करें।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!