Noida Police Encounter: नोएडा में थाना फेस दो पुलिस की फैक्ट्रियों में चोरी करने वाले गैंग के साथ मुठभेड़ हुई। जिसके बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को पकड़ा है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने के बाद घायल हो गया। इसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। एक दिन पहले ही इस गैंग के दो अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस इस गैंग के सभी पांच मेंबर की गिरफ्तारी कर चुकी है।
कंपनी में करते थे चोरी
पुलिस ने बताया ये शातिर बदमाश एनसीआर क्षेत्र में कंपनी में चोरी की घटना को अंजाम देते थे। इन फरार बदमाशों की तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी। पुलिस के अनुसार आज सुबह थाना पुलिस कचहरी कट पर चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक वेगनआर कार सामने से आती दिखी। जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन वे तेजी से पुस्ता रोड की ओर भागने लगे। जिसपर पुलिस को शक हुआ और टीम ने गाड़ी का पीछा किया।
घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती
पुलिस से बचने के लिए बदमाशों ने गाड़ी को रोड किनारे छोड़ दिया और उसमे से तीन लोग भागने लगे। इस दौरान एक व्यक्ति ने पुलिस पर फायरिंग की। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर गया। जिसकी पहचान विनेश के रूप में हुई। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
बदमाशों के पास से बरामद सामान
पुलिस ने विनेश के दो अन्य साथियों को कांबिंग के दौरान पकड़ लिया। जिनकी पहचान जफर और आकाश के तौर पर हुई है। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से वैगनआर कार, एक पिकअप गाड़ी, एक देशी तमन्चा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू और चोरी का सामान बेचने से मिले कुल 30 हजार रुपये बरामद हुए हैं। इसके अलावा चोरी की सात एल्युमीनियम प्लेट (शीट), 3 एल्युमीनियम पाइप, एक एल्युमीनियम फ्रेम भी बदमाशों के पास से मिली है।
