Mathura Crime News: मथुरा के बांके बिहारी मंदिर से चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। इस घटना को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि बैंक कर्मी निकला। जिसे मंदिर की दान पेटिका से रुपयों की गिनती के दौरान चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी कर रहे मंदिर के कर्मचारी को वह चोरी करते हुए नजर आया। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी बैंक कर्मी अभिनव सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के घर से भी 9.50 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
पिछले 3 दिन से हो रही थी नोटों की गिनती
बांके बिहारी मंदिर में कुल 16 दान पेटिकाएं हैं। जिनमें आने वाली धनराशि की पिछले तीन दिन से गिनती की जा रही थी। मंदिर का अकाउंट विद्यापीठ चौराहा स्थित कैनरा बैंक की शाखा में खुला है। दान पेटिकाओं में धनराशि की गिनती के लिए मंदिर से बैंक को पत्र भेजता है, जिसे मथुरा कार्यालय के एचआर विभाग को भेजता है। इसके बाद नोटों की गिनती के लिए अधिकारी और कर्मचारी वहां से आते हैं।
नोटों की बरामदगी के लिए घर में छापेमारी
मथुरा कार्यालय से बैंक कर्मी अभिनव सक्सेना नोटे की गिनती के दौरान गुरुवार और शुक्रवार को समय से पहले जल्दी चला गया था। शनिवरा को भी वह जल्दी जा रहा था, जिस कारण मंदिर प्रबंधन को उसपर शक हुआ। सीसीटीवी फुटेज देखने पर उसे चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई। बैंक कर्मी की जेब से 500 के नोट की दो और 200 की एक गड्डी मिली। जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके घर में छापेमारी की। जहां से 9.50 लाख रुपये बरामद किए गए। पुलिस आरोपी से पूछताछकर रही है।
