Noida Airport Bus Service: उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े एयरपोर्ट का तमगा हासिल करने वाले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रियों का पहुंचना बेहद आसान होगा। ग्रेटर नोएडा के परी चौक तक एक नई बस सेवा शुरू कर यात्रियों को सुविधा दी जाएगी। यह सेवा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन द्वारा संचालित होगी और इसका उद्देश्य यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है। इस पहल से जेवर एयरपोर्ट और ग्रेटर नोएडा के बीच बस संपर्क को मजबूत किया जाएगा, जिससे तेजी से विकास हो रहे क्षेत्र में यात्रा करना आसान होगा।
बस (फोटो)
योजना के तहत, यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में तीन नए बस रूट स्थापित किए जाएंगे, जिनमें जेवर एयरपोर्ट से परी चौक तक 42 किलोमीटर का मार्ग शामिल है। यह सेवा स्थानीय निवासियों और एयरपोर्ट के यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी। पहले से ही 2023 में जेवर एयरपोर्ट और परी चौक के बीच सीमित बस सेवा शुरू की गई थी, लेकिन नई बस सेवा से अधिक यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, नोएडा के सेक्टर 20 और 21 से बोटैनिकल गार्डन होते हुए कुलेसरा और भंगेल तक एक मार्ग निर्धारित किया गया है।
दनकौर चौक-भंगेल को जोड़ेगा रूट
दूसरा मार्ग यमुना एक्सप्रेसवे के क्षेत्रीय कार्यालय को दनकौर चौक से सेक्टर 17 और भंगेल से जोड़ेगा। इस सेवा से नोएडा सेक्टर 17, 20, 21 और 26 के निवासियों, गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी के छात्रों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी। भविष्य में दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट के लिए इलेक्ट्रॉनिक बस सेवा शुरू करने की योजना भी है।
