Noida Factory Two shift System: नोएडा की औद्योगिक इकाइयों में काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब फैक्ट्रियों में ओवरटाइम की जगह दो शिफ्टों में काम कराया जाएगा। यह नई व्यवस्था 1 मई से लागू होने की तैयारी में है। इसके तहत पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। इस बदलाव का मुख्य कारण फैक्ट्रियों पर बढ़ता ओवरटाइम (Noida factory me overtime khatam) का खर्च है। उद्यमियों का कहना है कि ओवरटाइम (Noida Overtime ban factories) देने से लागत काफी बढ़ रही थी, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा था। इसलिए अब उन्होंने नई योजना अपनाई है, जिससे खर्च को नियंत्रित किया जा सके और उत्पादन भी जारी रहे।
नोएडा की फैक्ट्रियों में बड़ा बदलाव (Photo: AI Generated)
दो शिफ्ट होने से ज्यादा लोगों को मिलेगा नौकरी
नई व्यवस्था का एक फायदा यह भी होगा कि अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा। पहले जहां कम कर्मचारियों से ओवरटाइम लेकर काम कराया जाता था, अब दो शिफ्ट होने से ज्यादा लोगों को नौकरी का मौका मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, इस फैसले को लेकर श्रमिकों और उद्यमियों के बीच विवाद भी बढ़ रहा है। श्रमिक ओवरटाइम के लिए ज्यादा भुगतान और बकाया राशि की मांग कर रहे हैं, जबकि उद्योग मालिक आर्थिक दबाव का हवाला दे रहे हैं। श्रम विभाग भी इस मामले में सक्रिय है और कर्मचारियों के हितों की बात कर रहा है। इस मुद्दे को सुलझाने के लिए 24 अप्रैल को लखनऊ में एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इसमें बड़े अधिकारी और मंत्री शामिल होंगे, जहां दोनों पक्षों के बीच समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
इसी महीने में हुआ था मजदूरों का एक बड़ा आंदोलन
आपको बता दें कि नोएडा में इसी महीने में मजदूरों का एक बड़ा आंदोलन देखने को मिला, जिसने औद्योगिक इलाकों में तनाव बढ़ा दिया। यह आंदोलन खासतौर पर फेज-2 के होजरी कॉम्प्लेक्स और सेक्टर 62, 63, 59, 60 और 84 जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में फैल गया। यह विरोध 9 अप्रैल 2026 को शुरू हुआ, जब मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करना शुरू किया। शुरुआत में यह आंदोलन शांतिपूर्ण था, लेकिन धीरे-धीरे हालात बिगड़ते गए। 13 अप्रैल तक स्थिति काफी गंभीर हो गई और आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान कई जगहों पर पत्थरबाजी हुई, वाहनों में आग लगाई गई और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें भी हुईं, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। प्रशासन को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने पड़े।
