Noida News: चोरों के निशाने पर कम पहरेदारी वाली चीजें ही सबसे ज्यादा होती हैं और ऐसे में भला मंदिर से मुफीद कौन सी जगह हो सकती है। दुनिया के पहरेदार को भला अपने पूजा स्थल पर क्यों पहरेदारी चाहिए। बस यही कारण बना, कि चोरों की नजर मंदिर पर टिक गई। मंदिर, जहां लोग सुख शांति पाने के लिए जाते हैं, मन्नतें मांगते हैं और साथ में दान पात्र में चढ़ावा भी चढ़ाते है। मंगलवार की दोपहर नोएडा के एक मंदिर में चोरों ने मंदिर के इन्हीं दानपात्रों को साफ कर दिया। ये पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है।
क्या है मामला
नोएडा के सेक्टर 113 इलाके के एक मंदिर में मंगलवार दोपहर को चोरी की वारदात हुई। जिसमें चोरों ने मंदिर के दो दान पात्रों के ताले तोड़कर लाखों रुपए चोरी कर लिए। मंदिर में एक साल से जमा चढ़ावा दान पात्रों में रखा हुआ था, जिसे चोरों ने अपना निशाना बनाया।
चोरों की तलाश जारी
मंदिर के पुजारी जब शाम को आरती के लिए पहुंचे, तब उन्हें दान पात्रों का ताला टूटा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चोरों की पूरी करतूत कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने में लगी हुई है।
