Noida Crime News: गौतमबुद्ध नगर जिले में एक युवक ने शादी से इनकार करने पर प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपी ने चाकू से 23 बार युवती पर हमला किया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने देर रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जिसकी पहचान गाजियाबाद के विजय नगर के निवासी वीरेंद्र (27) के रूप में हुई। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
घर में घुसकर किया हमला
पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार को बादलपुर पुलिस थाना क्षेत्र में जीटी रोड के पास सत्यम रेजिडेंसी कॉलोनी की है जहां वीरेंद्र ने राजेश कुमार के घर में घुसकर उनकी बेटी राखी (23) पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गंभीर हालत में राखी को गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन उसकी जान बच नहीं पाई। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार को वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया और आज से अदालत में पेश किया जा रहा है।
लकड़ी के परिजनों ने सरकारी नौकरी की रखी शर्त
पुलिस उपायुक्त ने बताया, ‘‘जांच में पता चला कि राखी और वीरेंद्र का परिवार एक-दूसरे का परिचित है। दोनों परिवार पहले मेरठ में एक साथ रहते थे। वीरेंद्र का रिश्ता राखी से तय हो चुका था लेकिन लड़की पक्ष की शर्त थी कि लड़के की सरकारी नौकरी लगने पर ही शादी होगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन वीरेंद्र की सरकारी नौकरी नहीं लग पा रही थी और वह शादी का दबाव बनाने के लिए शनिवार को राखी के घर गया। राखी और उसकी मां ने शादी से मना कर दिया। इससे आक्रोशित वीरेंद्र ने राखी पर चाकू से हमला कर दिया।’’ अवस्थी ने बताया कि मामले में जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
