Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट तक जाएगी रेल-मेट्रो, जानें कब उड़ेगी पहली फ्लाइट; CM योगी ने किया निरीक्षण

Noida Airport: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे सीएम योगी ने तय समय से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि एयरपोर्ट के आसपास जमीन अधिग्रहण करने के लिए किसानों के साथ उचित तालमेल स्थापित करें।

Noida Airport: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचकर जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा निर्देश भी प्रदान किए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, प्राधिकरण एवं एयरपोर्ट का निर्माण कर रही कम्पनी के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक भी की और निर्देश दिए कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य तय समय सीमा के अंतर्गत गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट निर्माण कार्यों में यदि किसी भी तरह की परेशानी आती है तो शासन स्तर पर अवगत कराते हुए उसका निस्तारण कराया जाए।

CM Yogi at Noida Airport

नोएडा एयरपोर्ट पर सीएम योगी

ग्रामवासियों को कोई न कर पाए भ्रमित

समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर सीएम योगी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जिन गांवों में भूमि अधिग्रहण करने में समस्या आ रही है वहां जनपद के उच्च अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर ग्राम वासियों से वार्ता करते हुए उनकी समस्याओं का निस्तारण कराएं और शांतिपूर्ण तरीके से भूमि अधिग्रहण कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण कार्य में अधिकारीगण इस बात का विशेष ध्यान रखें की कोई भी बाहरी व्यक्ति ग्राम वासियों को भूमि अधिग्रहण के संबंध में भ्रमित ना करने पाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया की यूपीडा संस्था को भूमि अधिग्रहण का काफी अनुभव है, इसलिए अधिकारीगण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर की भूमि अधिग्रहण हेतु उनके अनुभव का भी लाभ प्राप्त करें।

कनेक्टिविटी के विशेष फोकस पर जोर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए सीएम योगी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर से सभी मार्गों को कनेक्ट किया जाए। साथ ही, कार्ययोजना बनाकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक रेल, मेट्रो तथा अन्य परिवहन सुविधा का कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि एयरपोर्ट के साथ ही रेल, मेट्रो तथा अन्य परिवहन सुविधा भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर पर मल्टी लेवल पार्किंग का भी निर्माण कराया जाए, ताकि आने वाले यात्रियों को असुविधा न हो।

End of Feed