नोएडा

Crime: घर वाले डाल रहे थे शादी का दवाब, लड़की ने रची खौफनाक साजिश; फिर पुलिस ने...

यूपी के नोएडा में एक युवती ने शादी से बचने के लिए अपने अपहरण की झूठी साजिश रच डाली। घर से भागकर रेलवे स्टेशन तक ही पहुंची थी कि पुलिस ने उस धर दबोचा।

Image

Crime: घर वाले डाल रहे थे शादी का दवाब, लड़की ने रची खौफनाक साजिश; फिर पुलिस ने...

नोएडा: शहर में उस समय सनसनी मच गई, जब दिनदहाड़े एक लड़की के अपहरण होने की सूचना पुलिस को मिली। उसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में कई टीमों का गठन किया और लड़की के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया, जिसके बाद पुलिस ने लड़की को सकुशल निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, युवती पर घर वाले शादी के लिए दबाव डाल रहे थे, लेकिन वह इससे बचना चाह रही थी। लिहाजा, उसने अपने अपहरण की झूठी साजिश रची और घर से भागने की फिराक में थी।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से लड़की तक पहुंची पुलिस

दरअसल, नोएडा के थाना-113 में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक लड़की के अपहरण करने की सूचना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया। युवती के भाई ने जिस जगह घटनास्थल बताया था, उस जगह के फुटेज में पुलिस को कुछ नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।

घरवालों ने शादी करने का प्रेशर बनाया

पुलिस ने लड़की के फोन को सर्विलांस पर लगाया और उसकी तलाश शुरू की। युवती के भाई ने बताया था कि अपहरण के बाद उसकी बहन से उसकी बात हुई है। डीसीपी नोएडा राम बदन सिंह ने बताया कि जैसे ही पुलिस को लड़की के अपहरण होने की सूचना प्राप्त हुई तुरंत कई टीमों का गठन किया गया और लड़की को निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से ढूंढ निकाला गया। लड़की से जब पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि उस पर घरवालों ने शादी करने का प्रेशर बनाया हुआ था। जिसके कारण उसने अपहरण की पूरी योजना बनाई और वो घर से भाग जाना चाहती थी। वो बस से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन भी पहुंच गई थी।

लड़की ने भी अपने बयान में बताया है कि उस पर लगातार परिजन और रिश्तेदार शादी के लिए दबाव बना रहे थे। लेकिन, वह अपना भविष्य बनाना चाहती है। इसलिए उसने अपने अपहरण की साजिश रची थी। वहीं, पहले विकास यादव नामक युवक ने बताया था कि वह अपनी बहन को एक ऑटो में बिठाकर नौकरी के लिए निकल गया था। उसकी बहन एक क्लीनिक में काम करती है। उसकी बहन जहां पर ऑटो बदलने के लिए उतरी थी, वहीं से उसका अपहरण हो गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article