Noida News: नोएडा के लाखों लोगों का लंबे समय से चल रहा गंगाजल का इंतजार अब खत्म होने वाला है। करीब 21 दिन के इंतजार के बाद कल से गंगाजल नोएडा के लोगों की प्यास बुझाने लगेगा। उत्तराखंड से गंग नहर में पानी छोड़ा जा चुका है। यह पानी वीरवार दोपहर तक गाजियाबाद के प्रताप विहार प्लांट में पहुंच जाएगा। यहां से कल शाम को नोएडा के लिए गंगाजल की सप्लाई शुरू हो जाएगी। नोएडा अथॉरिटी के जल विभाग ने गंगाजल के बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया कि वीरवार शाम को कुछ इलाकों में गंगाजल की सप्लाई शुरू हो जाएगी। वहीं शुक्रवार की सुबह से गंगाजल की सप्लाई पूरी क्षमता के साथ शहर में शुरू हो जाएगी।
प्रताप विहार में स्थित गंग नहर से जुड़ा वॉटर प्लांट
बता दें कि गंग नहर की सालाना सफाई के कारण इस माह के शुरुआत में उत्तराखंड से पानी की सप्लाई को रोक दिया गया था। गंगाजल की सप्लाई न मिलने के कारण नोएडा के कई सेक्टर में हाई लेवल टीडीएस के साथ पानी की किल्लत बनी हुई है। साथ ही कई इलाके के लोगों को लो-प्रेशर की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अब इन सभी समस्याओं से लोगों को राहत मिल जाएगी।
मंगलवार शाम को हरिद्वार से छोड़ा जा चुका पानी
नोएडा जल विभाग के डीजीएम आरपी सिंह ने गंगाजल सप्लाई की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड के सिंचाई विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि मंगलवार देर शाम ही हरिद्वार से गंग नहर में पानी छोड़ा जा चुका है। लेकिन इस पानी को पूरी क्षमता के साथ गाजियाबाद तक पहुंचने और प्लांट के लिए स्टोर होने में समय लग जाएगा। उम्मीद है कि प्रताप विहार के प्लांट में गुरुवार दोपहर तक पूरी क्षमता के साथ पानी सप्लाई पहुंचने लगेगी। इसके बाद शाम से नोएडा के लिए पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। नोएडा में गंगाजल पहुंचने और पूरी क्षमता के साथ सप्लाई शुरू होने में शुक्रवार सुबह तक का समय लग सकता है। बता दें कि नोएडा में इस समय हर दिन करीब 400 एमएलडी पानी की खपत होती है। इसमें से 250 एमएलडी पानी गंगनहर से आता है।
