नोएडा सेक्टर 18 में डीएलएफ मॉल के पास एक खाली प्लॉट में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग खाली प्लॉट में पड़े सूखे कचरे और झाड़ियों में लगी थी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों ने आसपास के पेड़ों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जबकि आसमान में उठते काले धुएं के गुबार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
नोएडा के DLF मॉल के पास लगी आग
जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्लॉट में पड़े सूखे कचरे और झाड़ियों की वजह से आग तेजी से फैल गई थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
गाजियाबाद में भी लगी आग
उधर, गाजियाबाद जिले के कवि नगर इलाके में बुधवार को एक पेंट फैक्टरी में भीषण आग लग गई, हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है। पुलिस ने बताया कि आग विवेकानंद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ’मेगा पेंट फैक्टरी’ में लगी। अधिकारियों ने बताया कि फैक्टरी के अंदर काम कर रहे कर्मचारी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे और आग की लपटों ने तेजी से फैक्टरी के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग लगने की सूचना शाम करीब चार बजे मिली, जिसके बाद कवि नगर, कोतवाली, साहिबाबाद, वैशाली और मोदीनगर से दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। एहतियात के तौर पर हापुड़ और नोएडा से भी दमकल की अतिरिक्त टीमों को बुलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि दमकल की कुल 12 गाड़ियां तैनात की गई और दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया कि अगर इस घटना में कोई व्यक्ति घायल हुआ हो तो उसके उचित इलाज की व्यवस्था की जाए।
