Noida Police Rate List: नोएडा पुलिस की एक मामले को लेकर बहुत ही किरकिरी हो रही है। नोएडा पुलिस भले ही भ्रष्टाचार से इनकार करे, लेकिन उसके रिश्वत वाली रेट लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस मामले में नोएडा पुलिस के अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है।
एक को सस्पेंड
दावा किया जा रहा है कि यह रेट लिस्ट उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक पुलिस स्टेशन का है। जो स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार का संकेत देता है। घटना के सामने आने के बाद गौतमबुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने इस प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। आरोप सामने आने के बाद, जेवर पुलिस स्टेशन से जुड़ी एक पुलिस चौकी के प्रभारी को भी उनके पद से हटा दिया गया।
क्या है आरोप
आरोप स्थानीय पुलिस द्वारा गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर इलाके में अवैध जुए की अनुमति देने से संबंधित हैं, जहां ग्राहकों को बिना अनुमति के शराब भी परोसी जा रही थी। दावा किया जा रहा है कि जेवर इलाके में स्थानीय पुलिस बिना लाइसेंस के शराब परोसे जाने और अवैध तरीके से जुआ खेलेने की अनुमति दे रही थी।
पुलिस ने क्या कहा
सोशल मीडिया पर आए कथित "रेट-कार्ड" में दिखाया गया कि विभिन्न पुलिस अधिकारियों को कितना पैसा दिया गया। सूची में एक "युवा राजनेता" और "मीडिया पेशेवरों" को पैसे दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है। गुरुवार को संपर्क करने पर पुलिस मीडिया सेल के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया-"पुलिस आयुक्त ने प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। नीमका पुलिस चौकी के प्रभारी को भी पद से हटा दिया गया है।"
