शहर

एक्वा लाइन का होगा 'महा' विस्तार; अप्रैल में एक साथ शुरू होगा तीन नए रूटों का काम, जेवर एयरपोर्ट तक राह होगी आसान

नोएडा मेट्रो (NMRC) अप्रैल में एक्वा लाइन विस्तार की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास करने वाली है। बॉटनिकल गार्डन को सेक्टर-142 से जोड़ा जाएगा, जिससे दिल्ली और जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। आइए जानते हैं इस 'महा' विस्तार के बारे में।

Image

बॉटैनिकल गार्डन बन जाएगा बड़ा इंटरचेंज

Photo : Times Now Digital

Aqua Line Extension: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) अपनी एक्वा लाइन विस्तार की तीनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास एक साथ अप्रैल महीने में करने जा रहा है। इस कदम से न केवल दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक का सफर भी बेहद आसान हो जाएगा।

अप्रैल में एक साथ शुरू होंगी तीन मेगा परियोजनाएं

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबि NMRC के प्रबंध निदेशक और नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने संकेत दिया है कि एक्वा लाइन विस्तार के तीनों रूटों का शिलान्यास एक साथ अप्रैल में किया जाएगा। ये तीनों रूट कुछ इस तरह होने वाले हैं।

  • सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन (11.56 किमी): यह सबसे महत्वपूर्ण रूट है जो एक्वा लाइन को दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन से सीधे जोड़ेगा।
  • सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-4 (7.5 किमी): यह रूट ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों को मेट्रो की सुविधा देगा।
  • ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रेलवे स्टेशन (2.6 किमी): यह बोड़ाकी में बनने वाले मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब को कनेक्टिविटी देगा।

बॉटनिकल गार्डन बनेगा बड़ा इंटरचेंज हब

कैबिनेट कमेटी ऑन इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) की मंजूरी के बाद, बॉटनिकल गार्डन स्टेशन अब दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन, मैजेंटा लाइन और नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के बीच एक प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित होगा। इस विस्तार के पूरा होने के बाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 61 किलोमीटर को पार कर जाएगी।

RRTS और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी पर जोर

सीईओ कृष्णा करुणेश ने स्पष्ट किया कि पहले एक्वा मेट्रो का विस्तार नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे सेक्टर-4 (ग्रेटर नोएडा वेस्ट) तक ले जाया जाएगा ताकि इसे RRTS (रैपिड रेल) के प्रस्तावित रूट से जोड़ा जा सके। यदि RRTS का रूट बदलता है, तो मेट्रो को नॉलेज पार्क-5 तक ले जाकर लिंक किया जाएगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि नोएडा और दिल्ली के लोग सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक निर्बाध कनेक्टिविटी पा सकेंगे।

मिट्टी की टेस्टिंग और डिजाइन का काम शुरू

परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए दो रूटों पर टोपोग्राफी और सॉइल टेस्टिंग (मिट्टी परीक्षण) का काम पहले ही शुरू हो चुका है। आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय (MoHUA) से तीसरे रूट की अंतिम मंजूरी मिलते ही इसकी विस्तृत ड्राइंग और डिजाइन तैयार कर ली जाएगी। इस विस्तार परियोजना को आगामी चार वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article