Noida Crime: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला किया और फिर पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्मघाती कदम उठा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूरा मामला थाना बिसरख क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय सागर यादव अपने परिवार के साथ राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर-1 स्थित फ्लैट नंबर 1804 में रहता था।
किसी बात को लेकर मां से हुई कहासुनी
मूल रूप से उसका परिवार गांव पतवाड़ी का रहने वाला है। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर उसकी मां से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान सागर ने घर में सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी मां पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें कन्धे पर हल्की चोटें आईं। घटना के बाद वह फ्लैट से बाहर निकला और नीचे जाकर पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस (Noida police) को सूचना दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Delhi Encounter: पुष्प विहार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; स्पेशल स्टाफ ने 3 को दबोचा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बताया जा रहा है कि सागर पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।सूचना मिलते ही बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल मां का प्राथमिक उपचार कराया गया।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद के बाद उठाए गए आत्मघाती कदम का प्रतीत हो रहा है। युवक मानसिक तनाव में था और मां से कहासुनी के बाद पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
