Noida Crime News Today: बॉलीवुड फिल्म धूम-2 आपने देखी होगी। फिल्म में एक सीन में एश्वर्या राय अपने बॉयफ्रेंड और शातिर चोर हृतिक रोशन को गोली मार देती है। लेकिन, बाद में पता चलता है कि यह उन दोनों का पुलिस को गच्चा देने का एक स्टंट था। हालांकि, इस घटना के बाद वह चोरी छोड़कर एक रेस्तरां खोल लेते हैं। इस फिल्मी कहानी के बिल्कुल उलट एक घटना नोएडा में सामने आई है। चलिए जानते हैं क्या है पूरी कहानी।
नोएडा के अनोखे चोर, कैफे बंद हुआ तो चोरी करने लगे
यह कहानी नोएडा के एक कपल यानी प्रेमी जोड़े की है। दोनों नोएडा में कैफे चलाते थे, लेकिन कैफे बंद होने के बाद दोनों को इतना नुकसान हुआ कि प्रेमी जोड़ा चोर बन गया। अब यह जोड़ा नोएडा की हाईराइज सोसाइटी और मकानों की रेकी कर यहां बंद पड़े घरों को अपना निशाना बनाने लगा।
प्रेमी जोड़े दीवाकर और सोनाली लिवइन में रहते थे और इनके अलावा एक अन्य शख्स इरफान भी चोरी की वारदात में इन दोनों का साथ देता था। सोनाली ही इस गैंग की लीडर थी। पता चला कि चोरी के धंधे में आने से पहले दीवाकर और सोनाली ने पहले गाजियाबाद और फिर नोएडा में कैफे चलाया। कैफे बंद होने के बाद वह गैंग बनाकर शहर में चोरी घटनाओं को अंजाम देते थे।
नोएडा में एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक कैफे के बिजनेस में नुकसान होने के बाद प्रेमी जोड़ा अपने शौक पूरे नहीं कर पा रहा था। इसके बाद उन्होंने चोरी में हाथ आजमाना शुरू कर दिया। प्रेमी जोड़ा दिन में चोरी की वारदात को अंजाम देकर, रात में रेस्तरां-बार में पार्टी करता था।
चोरी के लिए मकानों की रेकी के दौरान प्रेमिका सोनाली गैंग को लीड करती थी। यह प्रेमी जोड़ा शहर में बंद पड़े मकानों को ही अपना निशाना बनाते थे। पुलिस ने अब चोर प्रेमी जोड़े और उनका साथ देने वाले इरफान को गिरफ्तार कर लिया है।
नोएडा के थाना सेक्टर 113 क्षेत्र पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इन चोरों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप और 3.5 लाख रुपये कैश के साथ ही ज्वैलरी भी बरामद की है।
