Parthala Roundabout Noida: नोएडा के व्यस्ततम चौराहों में से एक पर्थला गोलचक्कर पर लगने वाले जाम से अब जल्द ही राहत मिलने वाली है। सेक्टर-71 से किसान चौक के बीच सिग्नेचर ब्रिज (फ्लाईओवर) बनने के बावजूद, नीचे की ओर ट्रैफिक मैनेजमेंट एक बड़ी चुनौती बना हुआ था। अब नोएडा प्राधिकरण ने इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का एक मास्टर प्लान तैयार किया है।
छोटा होगा गोलचक्कर, बनेंगे दो नए यू-टर्न
नोएडा अथॉरिटी के सर्वे के मुताबिक, पर्थला गोलचक्कर का मौजूदा आकार ट्रैफिक के दबाव के हिसाब से काफी बड़ा है, जिससे वाहनों की गति धीमी हो जाती है। प्राधिकरण अब इस गोलचक्कर के आकार को छोटा करेगा ताकि सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए अधिक जगह मिल सके। इसके अलावा, विकास मार्ग और FNG रोड पर दो नए यू-टर्न बनाए जाएंगे। इससे सेक्टर-121 और आसपास की सोसाइटियों में रहने वाले हजारों लोगों को अब लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। नए यू-टर्न बनने के बाद वाहनों को सुव्यवस्थित रास्ता मिलेगा, जिससे गलत दिशा में चलने वाली गाड़ियों पर लगाम लगेगी। साथ ही, सोरखा और छिजारसी की ओर जाने वाले ट्रैफिक के लिए भी स्थायी कट और बेहतर यू-टर्न की व्यवस्था की जाएगी।
मार्च के अंत तक शुरू होगा जमीनी काम
दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक प्राधिकरण ने इस प्रोजेक्ट के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है, जिसमें एजेंसियां 19 फरवरी तक आवेदन कर सकती हैं। यदि टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती है और उपयुक्त एजेंसी का चयन हो जाता है, तो मार्च के अंत तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। अधिकारियों का लक्ष्य है कि इस काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि आने वाले वित्तीय वर्ष में वाहन चालकों को जाम से मुक्ति मिल सके।
सिग्नेचर ब्रिज के नीचे सुधरेगा ट्रैफिक मैनेजमेंट
6-लेन का पर्थला फ्लाईओवर (सिग्नेचर ब्रिज) साल 2023 में शुरू हुआ था, जो दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज जैसा ही खूबसूरत और आधुनिक है। लेकिन फ्लाईओवर के नीचे ट्रैफिक का दबाव कम नहीं हो पा रहा था। नए डिजाइन के तहत पर्थला गोलचक्कर के पास सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी और ट्रैफिक फ्लो को 'स्मूथ' करने के लिए डिवाइडर्स और कट को नए सिरे से व्यवस्थित किया जाएगा।
