Amit Shah in Gujarat: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि बंगाल से अब घुसपैठिये खुद वापस जाने लगे हैं। उन्होंने अहमदाबाद में एक सभा को संबोधित करते हुए बंगाल की पूर्ववर्ती ममता सरकार के राज में घुसपैठ की बढ़ती घटनाओं का उल्लेख किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फोटो साभार: @AmitShah)
अमित शाह ने क्या कुछ कहा?
उन्होंने कहा कि पहले ममता बनर्जी के शासन में हर रोज घुसपैठ होती थी, लेकिन अब घुसपैठ करने वाले अपने आप ही वापस जाने लगे हैं। सुवेंदु जी और भाजपा की बंगाल सरकार ने डिटेंशन सेंटर बनाए हैं, मगर हम सब चाहते हैं कि जो लोग अवैध तरीके से घुसपैठ करके आए हैं, वे अपने आप जहां से आए हैं, वहीं वापस चले जाएं।
अमित शाह ने चेतावनी दी कि अगर घुसपैठिए खुद वापस चले जाते हैं तो बंगाल सरकार उन पर कोई केस नहीं करेगी और उनकी वापसी में सहायता भी करेगी।
अमित शाह ने कहा कि हमने चुनाव में कहा था- आप हमें शासन पूरा दे दीजिएगा। हम बांग्लादेश सीमा पर बाड़बंदी का काम कुछ ही दिनों में शुरू कर देंगे। मैं बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को बधाई देना चाहता हूं कि सात दिनों में ही उन्होंने 600 हेक्टेयर भूमि बीएसएफ के हाथ में सौंपने का काम किया है। चिकन नेक की भी 121 हेक्टेयर भूमि भारत सरकार को दे दी है और आज अखबारों में देख रहे हैं कि पहले ममता के शासन में हर रोज घुसपैठ होती थी और अब घुसपैठ करने वाले अपने आप जा रहे हैं।
डेमोग्राफिक चेंज कमेटी का गठन
उन्होंने कहा, ''मैं आशा करता हूं कि जब पहचान का अभियान चलें तो उससे पहले ही ढेर सारे लोग चले जाएं। हमारी सरकार का संकल्प है कि देशभर से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकालना है। इसके लिए नरेंद्र मोदी ने एक डेमोग्राफिक चेंज कमेटी बनाने का निर्णय लिया है। यह हाई पॉवर कमेटी देशभर में जनसांख्यिकी का जो बदलाव हुआ है उसके कारणों की समीक्षा करेगी।''
