शहर

राजस्थान के मंत्री गौतम दक का कथित ऑडियो वायरल, रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद दी सफाई

Gautam Dak Viral Audio: राजस्थान के सहकारिता मंत्री गौतम दक का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें उन पर डूंगला थाने के पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा में बात करने और गालियां देने के आरोप लगे हैं।

Image

डूंगला थाने पहुंचे मंत्री गौतम दक, वायरल ऑडियो ने बढ़ाया विवाद

Photo : Times Now Digital

Gautam Dak Viral Audio: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों सहकारिता मंत्री गौतम दक (Gautam Dak) का एक कथित ऑडियो काफी चर्चा में है। यह मामला चित्तौड़गढ़ जिले की बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र (Rajasthan Minister Gautam Dak) से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो में मंत्री पर डूंगला थाने के पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा में बात करने और गालियां देने के आरोप लगाए जा रहे हैं। ऑडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी हलचल बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला 25 मई का बताया जा रहा है। मंत्री गौतम दक अपने एक कार्यकर्ता से जुड़े मामले को लेकर नाराज थे। आरोप है कि डूंगला थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी उनके कार्यकर्ता के घर पहुंचे थे और वहां पैसों की मांग किए जाने की बात सामने आई थी। इसी को लेकर मंत्री सीधे डूंगला थाने पहुंच गए। वहां उन्होंने थाना प्रभारी और दो कांस्टेबलों को बाहर बुलाकर बातचीत की। कथित वायरल ऑडियो में मंत्री काफी गुस्से में दिखाई दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो

दावा किया जा रहा है कि करीब तीन मिनट की बातचीत में उन्होंने कई बार अपशब्दों का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि मंत्री ने पुलिसकर्मियों को अपनी बात रखने का मौका भी नहीं दिया। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने भी सरकार और मंत्री पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

मंत्री गौतम दक ने दी अपनी सफाई

कई लोगों का कहना है कि एक मंत्री को सार्वजनिक पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए और इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

विवाद बढ़ने के बाद मंत्री गौतम दक ने अपनी सफाई भी दी है। उन्होंने एक छोटा वीडियो जारी करते हुए कहा कि वायरल ऑडियो एडिट किया गया है और आधुनिक तकनीक की मदद से गलत तरीके से तैयार किया गया है। मंत्री ने दावा किया कि इस ऑडियो से उनका कोई संबंध नहीं है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और राजनीति दोनों जगह चर्चा का विषय बना हुआ है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article