कल का मौसम (Kal Ka Mausam): देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि दक्षिण भारत और केरल में मानसून की दस्तक के संकेत मिलने लगे हैं।
वेदर सिस्टम की बात करें तो मध्य उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण Cyclonic Circulation) मौजूद है। उत्तर-पश्चिमी ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण है जो निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों तक फैला हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दक्षिणी तटीय ओडिशा तक निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक गर्त फैला हुआ है। उत्तरी बिहार से दक्षिणी तेलंगाना तक निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक उत्तर-दक्षिण गर्त फैला हुआ है। उत्तरी तमिलनाडु तट और आसपास के क्षेत्रों में मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इसके साथ ही मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। दक्षिणपूर्वी अरब सागर और आसपास के क्षेत्र में निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। पूर्वी मध्य और दक्षिणपूर्वी बंगाल की खाड़ी में निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। हालांकि 29 मई से अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं। वहीं उत्तर-पूर्व और उससे सटे पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। 29 मई 2026 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 29 और 30 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। IMD के अनुसार राजधानी में कल आसमान में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच कहीं-कहीं बेहद हल्की बारिश के साथ तेज आंधी, बिजली चमकने और धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने और कुछ इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं दोपहर से शाम के बीच फिर से हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का एक और दौर देखने को मिल सकता है, जहां हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया जा सकता है। हवा की दिशा में भी दिनभर बदलाव देखने को मिलेगा। सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर में हवाओं की गति बढ़कर करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी और दिशा दक्षिण की ओर रहेगी। वहीं शाम और रात के समय पूर्व दिशा से करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में 29 और 30 मई के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ तूफानी मौसम भी देखने को मिलेगा। खासतौर से 29 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, वहीं कुछ स्थानों पर हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
बिहार में कल के मौसम का हाल
बिहार में अगले दो दिनों के दौरान मौसम के बिगड़ने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। खासतौर पर कटिहार, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण समेत कई इलाकों के लिए 29 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने राजस्थान के अनेक भागों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी है और कुछ इलाकों में तेज आंधी व बारिश भी हो सकती हैं। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, राज्य में तेज गर्मी (हीटवेव/तीव्र हीटवेव व ऊष्णरात्रि) का दौर एक दो दिन जारी रहने की पूरी संभावना है। इस दौरान ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है। जबकि बीकानेर, कोटा संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री रह सकता है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 27-28 मई को कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी बारिश की गतिविधियों में 30 मई से और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जून के पहले सप्ताह में भी कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। IMD के अनुसार, नए विक्षोभ का सर्वाधिक असर 29 से 31 मई के दौरान रहेगा। इस दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर व जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में तेज अंधड़ आएगा, 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी व कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। आंधी बारिश के असर से 29 मई से तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट होने तथा 29 और 30 मई से 'हीटवेव' से राहत मिलने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में कल का मौसम
उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 और 30 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कुछ जगहों पर 29 मई को तेज आंधी के साथ हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 29 मई को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज बारिश और आंधी के कारण भूस्खलन और रास्ते बाधित होने जैसी स्थिति बन सकती है
केरल में मानसून की दस्तक के आसार
केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले कुछ दिनों में पहुंचने की संभावना के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार तक राज्यभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद जताई है। विभाग ने गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है। IMD के अनुसार, केरल के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अचानक बादल बनने और तेज बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में नुकसान हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सैटेलाइट तस्वीरों में अरब सागर के ऊपर पश्चिमी हवाएं मजबूत होती दिखाई दे रही हैं, जो मानसून के करीब आने का अहम संकेत माना जाता है। अगले कुछ दिनों तक आसमान में घने बादल छाए रहने और राज्य के सभी जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट
चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने गुरुवार को तमिलनाडु के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में सक्रिय कई वायुमंडलीय परिसंचरणों के कारण यह स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि इस समय उत्तर तमिलनाडु, दक्षिण-पूर्व अरब सागर और मध्य पूर्व-दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इन मौसम प्रणालियों के कारण अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। आरएमसी के अनुसार, गुरुवार को नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, डिंडीगुल और थेनी जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने वेल्लोर, तिरुपत्तूर, कृष्णागिरि, धर्मपुरी, सलेम और इरोड जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। अधिकारियों ने कहा कि मौसम की अस्थिर स्थिति के कारण सामान्य जनजीवन अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकता है, खासकर पहाड़ी और पश्चिमी जिलों में जहां भारी बारिश की संभावना है।
अधिकतम तापमान कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 29 और 30 मई के बीच अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद 31 मई से 2 जून के दौरान तापमान में फिर से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। वहीं मध्य भारत और पूर्वी भारत में भी 27 मई तक गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन 28 मई से 2 जून के बीच तापमान में क्रमशः 3 से 5 डिग्री और 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना जताई गई है। महाराष्ट्र में 29 मई से 2 जून के दौरान यहां 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान घट सकता है। गुजरात में 30 मई तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन 31 मई से 2 जून के बीच यहां भी 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 30 मई से 2 जून के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि देश के बाकी हिस्सों में 2 जून 2026 तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
