केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने पंजाब में कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए भगवंत मान को चेतावनी दी है। गडकरी का कहना है कि अगर पंजाब में कानून-व्यवस्था नहीं सुधरती है को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI राज्य में चल रहे 8 प्रोजेक्ट को कैंसिल कर देगी।
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे पर संकट के बादल
गडकरी ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर कानून व्यवस्था के मुद्दे को उठाया है। गडकरी ने अपनी इस चिट्ठी में चेतावनी दी है कि खराब कानून व्यवस्था के चलते राज्य में NHAI की 14, 288 करोड़ की जो 8 परियोजनाएं चल रही हैं, उन्हें कैंसिल कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - इस पहाड़ को कहते हैं दक्षिण का एवरेस्ट, ऊंचाई 8,842 feet
केंद्रीय मंत्री ने यह चिट्ठी तब लिखी है, जब दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान हिंसा और काम रोकने की घटनाएं सामने आई हैं। बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली से जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी के लिए कटरा तक एक एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। इसी एक्सप्रेसवे के एक हिस्से को अमृतसर से भी जोड़े जाने के लिए काम चल रहा है।
गडकरी ने जालंधर में इंजीनियरों और कॉन्ट्रैक्टर पर हमले की घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए सीएम भगवंत मान को यह चिट्ठी लिखी है। इसके अलावा लुधियाना में कुछ उपद्रवी तत्वों ने NHAI के अधिकारियों को धमकी दी है कि प्रोजेक्ट में लगे स्टाफ और सुविधाओं को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
