शहर

NEET Paper रद्द होने पर एक छात्रा ने चुनी मौत, री-एग्जाम से पहले क्यों उठाया कदम?

नीट परीक्षा रद्द होने से परेशान और छात्रा ने मौत चुनी है। जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एनटीए ने पेपर लीक के आरोपों के बीच मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) मंगलवार को रद्द कर दी।

Image

दिल्ली में नीट अभ्यर्थी ने खुदकुशी की (फोटो-Istock)

दिल्ली : पिछले कुछ सालों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने उत्तर पश्चिम दिल्ली के आज़ादपुर इलाके में स्थित अपने घर में कथित रूप से खुदकुशी कर ली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि युवती के परिजन घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी पता नहीं चल सका।

अधिकारी ने कहा, "पीड़िता नीट अभ्यर्थी थी। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि उसने यह कदम क्यों उठाया। जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने पेपर लीक के आरोपों के बीच मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) मंगलवार को रद्द कर दी। पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित की गई है। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को आदर्श नगर थाने को जानकारी दी गई कि एक लड़की का शव पुलिस को बिना सूचना दिए केवल पार्क श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए लाया गया है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान की, जो आज़ादपुर के लाल बाग की निवासी थी।जांच के दौरान पता चला कि युवती ने बुधवार को अपने घर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि उन्हें ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं थी और वे अधिकारियों को सूचित किए बिना शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए।

पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल भेज दिया। अधिकारी ने बताया कि अपराध दल और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और घर से सबूत इकट्ठा किए। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article