Mumbai News: नवी मुंबई के तुर्भे इलाके में खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर निर्माण और एक्सपायरी तारीखों में कथित तौर पर हेरफेर किए जाने का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA), ठाणे और नवी मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपये मूल्य का खाद्य स्टॉक जब्त किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई 24 से 29 अगस्त 2026 के बीच तुर्भे के TTC इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मे. साधना एंटरप्राइजेज में की गई। जांच के दौरान कथित रूप से ऐसे खाद्य उत्पाद मिले, जिनकी मूल पैकेजिंग पर दर्ज Manufacturing Date और Expiry/Use By Date को हटाकर उनकी जगह नई तारीखें प्रिंट की जा रही थीं।
कई ब्रांडों से जुड़े खाद्य उत्पाद बरामद किए गए
कई ब्रांडों से जुड़े खाद्य उत्पाद बरामद किए गए
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ उत्पादों पर मूल Ingredients और Nutritional Information को ढकने के लिए नए स्टिकर लगाए गए थे। आशंका है कि तारीख और लेबल में बदलाव के बाद इन उत्पादों को दोबारा बाजार में बिक्री के लिए भेजा जाता था। कार्रवाई के दौरान Lay's, Kurkure, Bingo, Fun Flips, Maggi, Rasoi, Knorr, Hellmann's, Thums Up और Limca समेत कई ब्रांडों से जुड़े खाद्य उत्पाद बरामद किए गए।
कुल 4,942 कार्टन जब्त
अधिकारियों ने कुल 4,942 कार्टन अपने कब्जे में लिए, जिनकी अनुमानित कीमत 75,21,269 रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त बिना लेबल वाले खाद्य पदार्थ और करीब 30,600 रुपये मूल्य का एक्सपायरी स्टॉक भी जब्त किया गया। जांच के दौरान तीन अन्य प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लिए गए, क्योंकि वहां आवश्यक FSSAI लाइसेंस और खरीद संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए।
मे. साधना एंटरप्राइजेज का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित
मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 457/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। संबंधित प्रतिष्ठानों और निर्यातक कंपनियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। कार्रवाई के बाद मे. साधना एंटरप्राइजेज का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
