Nasik News: आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों में जुटे नासिक शहर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कुंभ मेले के लिए करोड़ों रुपये के भारी-भरकम बजट से बनाई जा रही एक सड़क की गुणवत्ता इतनी खराब निकली कि नासिक महानगरपालिका (NMC) की कमिश्नर मनीष खत्री ने उसे दूसरे ही दिन खुदवा दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस सड़क का लोकार्पण एक दिन पहले ही महाराष्ट्र के कद्दावर नेता और कुंभमंत्री गिरीश महाजन ने बड़ी धूमधाम से किया था। मंत्री द्वारा उद्घाटन की गई सड़क को अगले ही दिन प्रशासन द्वारा तोड़े जाने के बाद अब कुंभ मेले के विकास कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
खराब गुणवत्ता से नाराज NMC कमिश्नर की बड़ी कार्रवा
लोकार्पण के अगले ही दिन एक्शन, ठेकेदार को लगी फटकार
मिली जानकारी के अनुसार, नासिक महानगरपालिका की कमिश्नर मनीष खत्री ने सिंहस्थ कुंभ के निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान नासिक-त्र्यंबकेश्वर मार्ग पर किए गए घटिया निर्माण कार्य और खराब गुणवत्ता को देखकर वे बेहद नाराज हो गईं। करोड़ों का बजट होने के बावजूद नियमों को ताक पर रखकर काम करने वाले ठेकेदार को कमिश्नर ने मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही उन्होंने बिना किसी राजनीतिक दबाव के, गुणवत्ताविहीन सड़क को तुरंत उखाड़ने और नए सिरे से मजबूत निर्माण करने का सख्त आदेश जारी कर दिया।
जनता पूछ रही सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थानीय नागरिकों और विपक्षी दलों ने सरकार तथा प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। लोगों का सीधा आरोप है कि नासिक-त्र्यंबकेश्वर मार्ग का पूरा निर्माण कार्य समाप्त हुए बिना ही केवल वाहवाही लूटने के लिए जल्दबाजी में इसका लोकार्पण करा दिया गया। इसपर जनता सवाल पूछ रही है कि क्या अधिकारियों और ठेकेदारों ने मंत्रियों को अंधेरे में रखकर आधे-अधूरे काम का उद्घाटन करा दिया और उन्हें गुमराह किया? कुंभ मेले जैसे वैश्विक आयोजन के लिए बन रहे निर्माण कार्यों में इस तरह के भ्रष्टाचार और घटिया काम की जवाबदेही किसकी है? और यदि सड़क अधूरी और खराब थी, तो कुंभमंत्री गिरीश महाजन ने बिना जांचे इसका लोकार्पण कैसे कर दिया?
एक साथ खुदाई से शहर बेहाल, रेंग रहा है ट्रैफिक
इस राजनीतिक घमासान के बीच नासिक की आम जनता भारी मुसीबत का सामना कर रही है। कुंभ मेले की जल्दबाजी के चक्कर में प्रशासन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ सड़कों की खुदाई और निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इसके चलते पूरे नासिकवासियों को रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम और आवागमन की गंभीर कठिनाइयों से जूझना पड़ रहा है। हालांकि, बढ़ते विवाद के बीच मनपा प्रशासन का दावा है कि सिंहस्थ कुंभ मेले की शुरुआत से पहले सभी विकास कार्य हर हाल में और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे।
