उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नोएडा STF और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के संयुक्त ऑपरेशन में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दोनों एजेंसियों की संयुक्त टीम के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में अंडरवर्ल्ड 'डी-कंपनी' से जुड़ा कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मारा गया है। नसीम वही खूंखार बदमाश था, जिसने कुछ ही दिन पहले 16 नवंबर को दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नाम के युवक की दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि नसीम वारदात के बाद फरार था और दूसरे ठिकाने पर भागने की फिराक में था।
नसीम दुर्रानी की फाइल फोटो
कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर की थी 15-20 राउंड फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर की रात उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में बीजेपी विधायक कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। हमलावरों ने 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई थीं। इस वारदात में समीर की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच उसके पीछे लगी हुई थी। जांच के दौरान नसीम दुर्रानी का नाम सामने आया था।
D कंपनी से था कनेक्शन
नसीम दुर्रानी कोई साधारण अपराधी नहीं था, बल्कि उसका संबंध अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से भी काफी गहरा रहा था। नसीम दुर्रानी को D कंपनी से जुड़ा गैंगस्टर बताया जा रहा था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत 25 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। दिल्ली पुलिस और STF उसकी तलाश में जुटी थीं। आखिरकार बुलंदशहर में संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम का उससे सामना हुआ। एनकाउंटर में उसे गोलियां लगीं और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नसीम दुर्रानी का नाम अंडरवर्ल्ड की एक बड़ी साजिश में भी सामने आ चुका था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, साल 2016-17 में छोटा शकील ने उसे तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी थी।
