Nanded Road Accident News: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के माहुर में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रेणुका माता मंदिर के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा टेम्पो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को माहुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नांदेड़ हादसा (फोटो साभार- TNN)
रेणुका माता का दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 5 बजे केरोली घाट पर हुआ। यवतमाल जिले से छह श्रद्धालु रेणुका माता के दर्शन के लिए माहुर आए थे। दर्शन के बाद सभी टेम्पो से यवतमाल लौट रहे थे। इसी दौरान केरोली घाट के एक तीखे मोड़ पर ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और टेम्पो सीधे खाई में गिर गया।
क्रेन से किया गया रेस्क्यू
हादसे की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। खाई गहरी और रास्ता दुर्गम होने से राहत कार्य में काफी परेशानी हुई। पुलिस ने क्रेन की मदद से टेम्पो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि तीन घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। घायलों का माहुर के ग्रामीण अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल यवतमाल जिले के निवासी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- राम मंदिर में मिलता है सबसे शुद्ध प्रसाद! FSSAI ने दिया साफ-सफाई और शुद्धता का सर्टिफिकेट
खतरनाक मोड़ बना हादसे की वजह
शुरुआती जांच में सामने आया है कि केरोली घाट के खतरनाक मोड़ पर चालक टेम्पो पर काबू नहीं रख पाया, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। बता दें कि माहुर का केरोली घाट बेहद खतरनाक और दुर्गम माना जाता है। यहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। प्रशासन ने पहले भी चेतावनी बोर्ड लगाए हैं, लेकिन तेज रफ्तार और तीखे मोड़ हादसों की वजह बनते हैं। स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा रेलिंग और बेहतर सड़क की मांग की है।
