Nalanda: महिला दरोगा के इशारे पर मारी गई थी सिपाही को गोली, साक्ष्य छिपाने के आरोप में SI पुष्पा समेत 5 गिरफ्तार

बिहार के नालंदा में उत्पाद सिपाही अजीत कुमार की हत्या तस्करों ने नहीं, बल्कि साथी होमगार्ड के जवान ने महिला दरोगा पुष्पा के निर्देश पर की थी। एसपी हृदयकांत ने इस घटना का खुलासा करते हुए कॉन्फ्रेंस की।

बिहार के नालंदा जिले के पावापुरी में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज खुलासा किया है। शुरुआती दौर में इस घटना को शराब तस्करों द्वारा हमला बताकर पेश किया गया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में सामने आया है कि सिपाही की जान किसी तस्कर ने नहीं, बल्कि उत्पाद विभाग की महिला दरोगा के निर्देश पर साथी होमगार्ड के जवान की गोली लगने से गई थी। इस मामले में नालंदा के पुलिस अधीक्षक (SP) हृदयकांत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिला दरोगा पुष्पा कुमारी सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

nalanda police murder

प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना की जानकारी देते एसपी नालंदा हृदय कांत

क्या रची गई थी झूठी थ्योरी और कैसे खुला राज?

घटना 14 अक्टूबर की रात्रि करीब 10:30 बजे की है। शुरुआत में यह थ्योरी गढ़ी गई थी कि पावापुरी मोड़ के पास शराब तस्करों की तरफ से की गई फायरिंग में उत्पाद सिपाही अजीत कुमार शहीद हो गए हैं। लेकिन जब राजगीर एसडीपीओ के नेतृत्व में SIT ने गहराई से पूछताछ शुरू की, तो परत-दर-परत सच सामने आने लगा। एसपी हृदयकांत ने बताया कि घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस या उच्चाधिकारियों को समय पर नहीं दी गई। इसके विपरीत, साक्ष्यों को मिटाने का पूरा प्रयास किया गया। जिस गाड़ी में टीम सवार थी, उसे पुलिस के सामने पेश करने के बजाय चुपचाप पटना भिजवा दिया गया। वाहन पर पीछे से गोली लगने के प्रवेश का निशान मौजूद था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उत्पाद विभाग की टीम एक संदिग्ध पिकअप वैन का पीछा कर रही थी और उन्होंने आगे से सहयोग के लिए सब-इंस्पेक्टर पुष्पा कुमारी की टीम को बुलाया था। जिस धावा दल के होमगार्ड के जवान ने फायरिंग की, उस पूरी टीम का नेतृत्व सब-इंस्पेक्टर पुष्पा ही कर रही थीं। जब तस्करों की गाड़ी आगे निकल गई, तो सब-इंस्पेक्टर पुष्पा द्वारा अपने साथ के जवानों को फायरिंग करने का निर्देश दिया गया। भ्रम की स्थिति में होमगार्ड के जवान ने दूसरे जवान की राइफल से गोली चला दी, जो सीधे सिपाही अजीत कुमार के सिर के पिछले हिस्से में जा लगी ।

End of Feed