इमुजफ्फरपुर : मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ हाट इलाके में शुक्रवार की सुबह एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां नाला खुदाई के दौरान जेसीबी की टक्कर से पीएनजी (PNG) गैस की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे क्षेत्र में गैस का जबरदस्त रिसाव शुरू हो गया। इसकी जद में पास के ही हाई स्कूल और मिडिल स्कूल के बच्चे आ गए, जिससे सात छात्राओं के बेहोश होने की खबर है।
मुजफ्फरपुर में पीएनजी गैस लाइन फटने से गैस का रिसाव
स्कूलों में बच्चों में मची अफरा-तफरी
घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। पाइपलाइन फटते ही गैस का तेज रिसाव हुआ और देखते ही देखते हवा के दबाव से गैस का गुबार पास स्थित हाई स्कूल और मिडिल स्कूल के कमरों में फैल गया। गैस की तीव्र गंध और प्रभाव से स्कूलों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की भयावहता को देखते हुए शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी कक्षाओं को खाली कराया और तत्काल स्कूल बंद करने का निर्णय लिया।
सात छात्राओं की बिगड़ी हालत
इस हादसे का सबसे बुरा असर हाई स्कूल की छात्राओं पर पड़ा। गैस के संपर्क में आते ही सात छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। विद्यालय के शिक्षक हाशिम बरकतुल्लाह ने बताया कि खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसका खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ा। आनन-फानन में सभी बेहोश छात्राओं को मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 'हाथ में कोयता, चेहरे पर मास्क... 'गौर्या कौन है, सुर्या कौन है?' चिल्लाते हुए बदमाशों ने मचाया तांडव, पुणे में CCTV में कैद वारदात
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित गैस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पाइपलाइन से गैस रिसाव को रोकने और स्थिति को सामान्य करने के लिए तकनीकी टीम युद्ध स्तर पर जुटी हुई है। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है कि खुदाई के समय पाइपलाइन की लोकेशन की जानकारी क्यों नहीं ली गई और सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।
