Muzaffarnagar Double Murder: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से डबल मर्डर की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां पुरानी रंजिश के चलते पिता और पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात रविवार देर शाम पुरकाजी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर के पास हुई। बाइक सवार हमलावरों ने घर के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मुख्तियार और उनके बेटे सुखजिंदर को निशाना बनाया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मुजफ्फरनगर में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या
मोनू हत्याकांड से जुड़ी बताई जा रही रंजिश
बताया जा रहा है कि यह हत्या करीब एक साल पहले हुए मोनू हत्याकांड की रंजिश से जुड़ी हुई है। आरोप है कि पुरकाजी थाने का एक हिस्ट्रीशीटर अपने साथियों के साथ इस वारदात में शामिल था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब एक साल पहले हुई मोनू की हत्या के मामले में पीड़ित पक्ष के कुछ लोग जमानत पर बाहर थे। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश में बदले की नीयत से पिता-पुत्र की हत्या की गई।
यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर हुई वारदात
घटना की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड, दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतकों के आधार कार्ड, बिजली बिल और राशन कार्ड उत्तराखंड के पाए गए। इसके आधार पर घटनास्थल उत्तराखंड की सीमा में होने की बात सामने आई। हालांकि, पीड़ित परिवार ने उत्तराखंड की घटना होने के बावजूद मुजफ्फरनगर पुलिस से ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की जांच के लिए चार टीमें गठित
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही मुजफ्फरनगर के SSP सूरज कुमार राय मौके पर घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि रविवार शाम डायल 112 के माध्यम से इलाके में फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद पुरकाजी पुलिस, सीओ सदर और फील्ड यूनिट ने मौके का निरीक्षण किया। दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एसएसपी के मुताबिक, परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना की जांच के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल मुजफ्फरनगर पुलिस ही मामले में कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में अगर घटनास्थल दूसरे जनपद के राजस्व क्षेत्र में आता है, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
