Palghar News: महिलाओं के खिलाफ अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कोलकाता, बदलापुर, कोल्हापुर के बाद अब महाराष्ट्र के पालघर जिले से भी दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने मिलकर 17 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के तहत शुक्रवार को मामला दर्ज किया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घूमने के बहाने से किशोरी को बुलाकर किया रेप
पालघर में किशोरी के साथ दुष्कर्म
तुलिंज पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि मुंबई की रहने वाली किशोरी अपने दोस्तों के मिलने के लिए अक्सर नालासोपारा जाया करती थी। उसी दौरान उसकी सोनू नामक युवक से जान-पहचान हुई। पुलिस ने बताया सोनू इलाके के एक स्टूडियो में काम करता है। अधिकारी ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि सोनू और उसके दोस्त ने शुक्रवार के दिन किशोरी को कहीं बाहर घूमने जाने के लिए बूलाया। वह लोग किशोरी को कार में एक सुनसान जगह ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बारे में पता लगते ही किशोरी के माता-पिता ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपियों की खोज शुरू की और उन्हें गिरफ्तार किया।
यौन उत्पीड़न के खिलाफ महाराष्ट्र बंद करने का ऐलान
बदलापुर स्कूल में दो बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न के मामले पर एमवीए द्वारा बीते दिनों 24 अगस्त यानी आज महाराष्ट्र बंद का ऐलान किया गया था। कोलकाता रेप और हत्या के मामले के बाद बदलापुर में स्थित एक स्कूल में दो बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में पेरेंट्स के साथ लोग सड़कों पर आकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर आवाज उठाने के लिए बंद का ऐलान किया गया था।
(इनपुट-भाषा)
