मुंबई

Maharashtra: महाराष्ट्र के वाशिम में दो गुटों के बीच चले ईंट-पत्थर, कई लोग घायल, इलाके में तनाव

महाराष्ट्र के वाशिम में सोमवार रात दो गुटों के बीच ईंट-पत्थर चले और इलाके की स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने मामले को शांत कराया और लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा। इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है। स्थिति अभी सामान्य है।

Image

वाशिम में गुटों के बीच पथराव

Photo : Times Now Digital

Washim: महाराष्ट्र के वाशिम शहर में दो गुटों के बीच पथराव हुआ है, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि शहर के पाटणी चौक क्षेत्र में देर रात दो गुटों के बीच विवाद हुआ था, बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों के बीच पथराव की नौबत आ गई।

पुलिस ने शांत कराया माहौल

सोमवार की रात महाराष्ट्र के वाशिम शहर के पाटणी चौक क्षेत्र में दो गुटों के बीच विवाद हुआ। बात इतनी बिगड़ी कि गुटों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना का असर बागवानपुरा, डंडे चौक और गणेशपेठ जैसे इलाकों में भी देखने को मिला। देर रात करीब 11 बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने घरों और वाहनों पर पथराव कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया। पुलिस अधीक्षक अनुज तारे ने इलाके का जायजा लिया। साथ ही प्रशासन ने नागरिकों से किसी भी तरह अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

बन गई थी तनाव की स्थिति

फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। साथ ही पुलिस ने पथराव में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना से शहर में तनाव की स्थिति बन गई थी लेकिन इस समय शांति का माहौल है। हालांकि, पुलिस प्रशासन किसी अवांछनीय घटना की संभावना को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

इससे पहले, इसी साल मार्च में नागपुर के महल क्षेत्र में दो गुटों के बीच हिंसा हुई थी। इस हिंसा में उपद्रवियों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की थी। इस हिंसा की शुरुआत तब हुई, जब दोनों गुटों के बीच तनाव बढ़ा और स्थिति बेकाबू हो गई। पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ के कारण इलाके में तनाव फैल गया था।

इसके अलावा, जनवरी में महाराष्ट्र के नंदुरबार में दो समूहों के बीच पथराव और आगजनी हुई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना नंदुरबार सिटी पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर घटी थी। यहां एक ऑटो रिक्शा और बाइक के बीच मामूली टक्कर हुई थी, इसके बाद स्थिति बिगड़ गई, जिससे क्षेत्र में अशांति फैल गई। कुछ व्यक्तियों ने आगजनी और पत्थरबाजी का प्रयास किया था, जिसके कारण नंदुरबार पुलिस को त्वरित कार्रवाई करनी पड़ी। आगजनी-पत्थरबाजी करने वाले कथित तौर पर सामाजिक कार्यकर्ता थे।

(इनपुट-आईएएनएस)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article