Nagpur Violence: नागपुर के महल और हंसपुरी इलाके में हाल ही में फैली हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान शमीम खान के खिलाफ देशद्रोहका मामला दर्ज किया गया है। भारत की एकता और अखंडता को नुक़सान पहुंचाने के आरोप में फहीम खान शमीम खान के खिलाफ साइबर सेल में एफआईआर दर्ज हुई है।
भड़काऊ पोस्ट के चलते फैली हिंसा
सोशल मीडिया पर किए गए भड़काऊ पोस्ट में नागपुर पुलिस के साइबर सेल की ओर से दर्ज की गई 4 एफआईआर में से एक एफआईआर में देशद्रोह की धाराएं लगाई गई हैं। इन एफआईआर में 6 लोगों को आरोपी बनाया गया है जिसमें फहीम खान भी शामिल है जिस पर देशद्रोह के आरोप लगे हैं।
बीएनएस की धारा 152 भी इस एफआईआर में सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ लगाई गई है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152, भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कार्यों को अपराध मानती है, जिसमें अलगाव, सशस्त्र विद्रोह या विध्वंसक गतिविधियों को उकसाना शामिल है।
फहीम खान गिरफ्तार
नागपुर पुलिस थाने के बाहर सोमवार को एक विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व करने के आरोप में 'माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी' (MDP) के नेता फहीम खान को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार बताया कि फहीम खान उन 50 से अधिक लोगों में शामिल है जिन्हें शहर में सोमवार रात हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ़्तार किया गया है। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दंगे भड़काने में खान की कोई भूमिका थी या नहीं।
अब तक कितनी गिरफ्तारियां हुईं?
नागपुर हिंसा के सिलसिले में अब तक 69 लोगों को गिरफ्तार किया है। में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कुल 69 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने वाले विश्व हिंदू परिषद (VHP) के आठ कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
