Nagpur Violence: महाराष्ट्र में नागपुर के महल इलाके में सोमवार को पथराव और आगजनी की घटना के बाद एक और इलाके में देर रात भारी बवाल हुआ। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उपद्रवियों ने हंसपुरी इलाके में बीती रात कई दुकानों और घरों को निशाना बनाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उपद्रवियों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और 8 से 10 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और कानून-व्यवस्था का उल्लंघन न करने की चेतावनी दी।
इन इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू
नागपुर के महल और हंसपुरी इलाके में भड़की हिंसा के बाद प्रशासन ने अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू किया। नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ. रविंदर कुमार सिंघल ने बताया कि नागपुर शहर के कोतवाली, गणेशपेठ, लकड़गंज, पचपावली, शांतिनगर, सक्करदरा, नंदनवन, इमामवाड़ा, यशोधरा नगर और कपिल नगर के पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह कर्फ्यू अगले आदेश तक लागू रहेगा।
क्यों भड़की हिंसा?
नागपुर के कई इलाकों में सोमवार की शाम इस अफवाह के बाद हिंसा फैल गई कि औरंगजेब की कब्र को हटाने के लिए एक दक्षिणपंथी संगठन द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान कुरान को जला दिया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार रात शांति की अपील की और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा।
हंसपुरी इलाके में भारी बवाल
एक प्रत्यक्षदर्शी ने हंसपुरी इलाके में मचे उपद्रव के बारे में समाचार एजेंसी एएनआई को विस्तृत जानकारी दी। बकौल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि नकाबपोश उपद्रवी हाथों में धारदार हथियार, स्टिकर और बोतलें लेकर आए थे। उन्होंने यहां पर जमकर हंगामा किया। दुकानों में तोड़फोड़ की और पथराव किया। उपद्रवियों ने वाहनों को आग के हवाले कर दिया। एक स्थानीय निवासी ने भी इस भयावह मंजर की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों ने दुकानों में तोड़फोड़ की... 8-10 वाहनों में आग लगा दी।
अब कैसे हैं हालात?
समाचार एजेंसी एएनआई ने हिंसाग्रस्त इलाके के विजुअल जारी किए, जहां पर बीती रात को तनाव फैला हुआ है। सड़क पर एकाद गाड़ियां और ई-रिक्शा नजर आ रहे हैं। इसके अलावा सड़क पर हिंसा के निशाना भी मौजूद हैं। टूटी हुई गाड़ियां, सड़क पर बिखरे हुए पत्थर यह तमाम दृश्य वीडियो में आ सभी देख सकते हैं।
नागपुर के महल इलाके में चिटनीस पार्क से ग्राउंड रिपोर्ट जहां दंगाइयों ने एक जेसीबी क्रेन को जलाकर खाक कर दी, एक एसयूवी की तोड़ फोड़ कर दी और पुलिस पर पथराव किया था। दंगों के निशान अब भी यहां देखे जा सकते हैं। पुलिस की गाड़ी यहां पेट्रोलिंग कर रही है और माइक लाउडस्पीकर पर लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहे हैं और कर्फ्यू की जानकारी दे रहे हैं।
